Follow Us on Our Social Media
International

90 साल की उम्र में बॉडीबिल्डिंग चैंपियन बने Toshisuke Kanazawa, 19 खिताब जीत चुके हैं; बताया फिटनेस का राज

जापान के 90 वर्षीय Toshisuke Kanazawa ने उम्र को महज एक आंकड़ा साबित करते हुए हाल ही में बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में खिताब अपने नाम किया है। 31 अगस्त को जापान में आयोजित एक मास्टर बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी उम्र के प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। खास बात यह है कि कानाजावा अब तक कुल 19 खिताब अपने नाम कर चुके हैं और आगे भी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की इच्छा रखते हैं।

‘द गार्जियन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस उम्र में ज्यादातर लोग शारीरिक गतिविधियां सीमित कर देते हैं, उस उम्र में 90 Kanazawa नियमित रूप से जिम जाते हैं और वजन उठाते हैं।

कौन हैं Toshisuke Kanazawa?

तोशिसुके कानाजावा का जन्म 1936 में जापान के शिमाने प्रांत में हुआ था। बचपन से ही उन्हें तैराकी और रेसलिंग का शौक था। उनके मुताबिक, हाई स्कूल के दौरान उन्होंने खेल प्रतियोगिता में अपना पहला मेडल जीता था। इसके बाद उन्होंने खेल को ही अपने जीवन का हिस्सा बनाने का फैसला किया।

कानाजावा करीब 30 साल की उम्र तक रेसलिंग करते रहे, लेकिन बाद में उन्होंने इसे छोड़ दिया। उनके मुताबिक, पत्नी को प्रेरित करने के लिए उन्होंने 50 साल की उम्र में दोबारा बॉडीबिल्डिंग शुरू की।

वह अब तक 8 विश्व प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुके हैं। इसके अलावा राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उनके नाम कुल 19 मेडल हैं।

रोज जिम जाते हैं और वजन उठाते हैं

कानाजावा अपनी फिटनेस का श्रेय नियमित एक्सरसाइज और खानपान को देते हैं। उनका कहना है कि उनका शरीर पूरी तरह प्राकृतिक है और उन्होंने अपनी दिनचर्या के जरिए इसे बनाए रखा है। 90 साल की उम्र में भी वह रोज जिम जाते हैं और वजन उठाते हैं।

खानपान को लेकर कानाजावा बताते हैं कि उन्होंने मछली और मांस खाना छोड़ दिया है। वह शराब भी नहीं पीते। उनके भोजन में मुख्य रूप से ब्राउन राइस, फुरिकाके, नाटो और मिसो सूप शामिल होते हैं। वह रोजाना दो अंडे भी खाते हैं।

7 घंटे की नींद और 3 प्रोटीन शेक

कानाजावा के मुताबिक, वह रोज करीब 7 घंटे की नींद लेते हैं। इसके अलावा वह प्रतिदिन 3 प्रोटीन शेक लेते हैं। पहले वह रोजाना 6 प्रोटीन शेक लिया करते थे, लेकिन अब इसकी संख्या घटाकर तीन कर दी है।

90 साल की उम्र में भी उनकी सक्रिय जीवनशैली और बॉडीबिल्डिंग के प्रति जुनून उन्हें बाकी लोगों से अलग बनाता है। कानाजावा का कहना है कि वह अभी भी भविष्य में कुछ और खिताब अपने नाम करना चाहते हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button