Follow Us on Our Social Media
Entertainment

वीकेंड पर OTT पर देखनी हैं क्राइम-मिस्ट्री फिल्में? ‘दृश्यम’ से अलग ये 5 फिल्में बढ़ा देंगी सस्पेंस का डोज

एंटरटेनमेंट डेस्क। अगर आपको मर्डर मिस्ट्री, सस्पेंस और ऐसे क्राइम-थ्रिलर पसंद हैं, जिनकी कहानी का अगला मोड़ पहले से समझना मुश्किल हो, तो इस वीकेंड आपकी OTT वॉचलिस्ट में कुछ शानदार फिल्में शामिल हो सकती हैं। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी जैसी मिस्ट्री पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘रात अकेली है’, ‘कहानी’, ‘बदला’, ‘अंधाधुन’ और ‘थुदारम’ जैसे विकल्प मौजूद हैं।

‘रात अकेली है’

नवाजुद्दीन सिद्दीकी और राधिका आप्टे स्टारर ‘रात अकेली है’ एक मर्डर मिस्ट्री है। कहानी एक अमीर परिवार के व्यक्ति की हत्या से शुरू होती है, जिसकी शादी की रात ही मौत हो जाती है। जांच आगे बढ़ने के साथ परिवार के सदस्यों के छिपे राज सामने आने लगते हैं। फिल्म का निर्देशन हनी त्रेहान ने किया है और इसे Netflix पर देखा जा सकता है। IMDb पर इसे 7.2/10 की रेटिंग मिली है।

‘कहानी’

विद्या बालन की ‘कहानी’ को बेहतरीन मिस्ट्री फिल्मों में गिना जाता है। फिल्म में एक गर्भवती महिला अपने लापता पति की तलाश में कोलकाता पहुंचती है। शुरुआत में कहानी सीधी लगती है, लेकिन जैसे-जैसे वह अपने पति को खोजने की कोशिश करती है, रहस्य की परतें खुलती जाती हैं। सुजॉय घोष के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और परमब्रत चट्टोपाध्याय भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसे Prime Video पर देखा जा सकता है और IMDb पर इसकी रेटिंग 8.1/10 है।

‘बदला’

अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू की ‘बदला’ भी एक जबरदस्त सस्पेंस-थ्रिलर है। फिल्म में एक महिला पर अपने प्रेमी की हत्या का आरोप लगता है और वह खुद को निर्दोष साबित करने के लिए एक वकील की मदद लेती है। इसके बाद पूछताछ के दौरान कहानी में लगातार नए खुलासे होते हैं। सुजॉय घोष के निर्देशन में बनी यह फिल्म स्पेनिश फिल्म ‘The Invisible Guest’ का रीमेक है। इसे Netflix पर देखा जा सकता है। IMDb पर इसकी रेटिंग 7.8/10 है।

‘अंधाधुन’

आयुष्मान खुराना, तब्बू और राधिका आप्टे स्टारर ‘अंधाधुन’ सस्पेंस के साथ ब्लैक कॉमेडी का भी तड़का लगाती है। फिल्म में आयुष्मान एक ऐसे पियानो प्लेयर का किरदार निभाते हैं, जो अंधा होने का नाटक करता है। लेकिन अचानक वह एक हत्या की घटना में फंस जाता है और इसके बाद कहानी लगातार नए मोड़ लेती है।

श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को JioHotstar पर देखा जा सकता है। IMDb पर इसे 8.2/10 की रेटिंग मिली है।

‘थुदारम’

मोहनलाल स्टारर मलयालम फिल्म ‘थुदारम’ भी इस लिस्ट में शामिल है। फिल्म में मोहनलाल एक टैक्सी ड्राइवर के किरदार में हैं, जिसकी जिंदगी एक मर्डर केस के बाद पूरी तरह बदल जाती है। पुलिस उसकी कार को जब्त कर लेती है और इसके बाद कहानी धीरे-धीरे कई रहस्यों से पर्दा उठाती है। फिल्म में फरहान फासिल भी अहम भूमिका में हैं। इसे JioHotstar पर देखा जा सकता है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button