Follow Us on Our Social Media
Entertainment

‘स्त्री 3’ की रिलीज डेट बदली, 2027 नहीं बल्कि 2028 में आएगी फिल्म; ‘महावतार’ पर भी अपडेट

मुंबई। श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्त्री 3’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। 2024 में रिलीज हुई ‘स्त्री 2’ की सफलता के बाद फैंस इसके तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे हैं। फिल्म पहले 13 अगस्त 2027 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज को एक साल आगे बढ़ा दिया गया है।

फिल्म प्रोड्यूसर दिनेश विजान ने पुष्टि की है कि ‘स्त्री 3’ अब 2028 में रिलीज होगी। उन्होंने बताया कि फिल्म को स्वतंत्रता दिवस या क्रिसमस के मौके पर रिलीज करने पर विचार किया जा रहा है।

‘स्त्री 3’ की स्क्रिप्ट पूरी

दिनेश विजान ने एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि ‘स्त्री 3’ की राइटिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि फिल्म में दर्शकों को फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों में पसंद आई चीजें देखने को मिलेंगी, लेकिन कहानी की शुरुआत और अंत को सरप्राइज रखा जाएगा।

उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर वह फिल्म के बारे में ज्यादा जानकारी देंगे तो निर्देशक अमर कौशिक उनसे नाराज हो सकते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि विजान अक्सर ज्यादा स्पॉइलर दे देते हैं।

पहले ‘महावतार’ पर काम करेंगे अमर कौशिक

‘स्त्री 3’ के पोस्टपोन होने की मुख्य वजह विकी कौशल की फिल्म ‘महावतार’ बताई गई है। इस फिल्म में विकी कौशल भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम की भूमिका निभा रहे हैं।

दिनेश विजान के मुताबिक, अमर कौशिक जनवरी 2027 के आखिर में ‘महावतार’ का निर्देशन शुरू करेंगे और जून तक इसका काम पूरा करने की योजना है। इसके बाद ‘स्त्री 3’ पर काम शुरू होगा।

विजान ने कहा कि अमर कौशिक ‘स्त्री’ और पूरी हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी का अहम हिस्सा हैं। उनके ‘महावतार’ का काम पूरा करने के बाद ‘स्त्री 3’ की शूटिंग शुरू की जाएगी और फिल्म को 2028 में रिलीज करने की तैयारी है।

दोनों फिल्मों का निर्माण दिनेश विजान की प्रोडक्शन कंपनी मैडॉक फिल्म्स कर रही है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button