‘नई नवेली’ का ट्रेलर हुआ रिलीज, संस्कारी बहू के रहस्य ने बढ़ाई कहानी की दिलचस्पी

यामी गौतम धर की आगामी फिल्म ‘नई नवेली’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में यामी मोहिनी नाम की नई-नई शादी हुई बहू का किरदार निभा रही हैं। शुरुआत में मोहिनी एक संस्कारी और सादगी से भरी बहू नजर आती है, लेकिन कहानी आगे बढ़ने के साथ उसके आसपास रहस्यमयी घटनाएं होने लगती हैं। परिवार को शक होने लगता है कि आखिर मोहिनी के पीछे कौन सा राज छिपा है।
फिल्म की कहानी मेरठ के अवस्थी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। परिवार में नई बहू मोहिनी के गृह प्रवेश के साथ कहानी शुरू होती है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाई देता है, लेकिन धीरे-धीरे घरवालों को मोहिनी के व्यवहार और उसके आसपास होने वाली अजीब घटनाओं पर संदेह होने लगता है। इसी बीच घर में यह सवाल उठने लगता है कि क्या भाभी सच में डायन है।
परिवार, कॉमेडी और रहस्य का मेल
ट्रेलर में पारिवारिक रिश्तों, देसी हास्य और रहस्यमयी घटनाओं का मिश्रण देखने को मिलता है। शादी की रस्मों और परिवार की नोक-झोंक से शुरू होने वाली कहानी आगे चलकर फैंटेसी और एक्शन का रूप लेती नजर आती है। मोहिनी का रहस्यमयी पक्ष कहानी का अहम हिस्सा दिखाई देता है।
यामी गौतम धर ने अपने किरदार को लेकर कहा है कि मोहिनी वैसी नहीं है जैसी दर्शक पहली नजर में उसके बारे में सोच सकते हैं। उनके मुताबिक, किरदार में अपनापन होने के साथ एक गहरा रहस्य भी है, जो कहानी के आगे बढ़ने के साथ सामने आता है।
बालाजी मोहन ने संभाली निर्देशन की जिम्मेदारी
फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है। संगीत की जिम्मेदारी जी.वी. प्रकाश कुमार ने संभाली है।
‘नई नवेली’ को फैंटेसी और पारिवारिक मनोरंजन के साथ तैयार किया गया है। फिल्म दशहरे के मौके पर 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर में दिखाए गए रहस्य के बाद अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि मोहिनी की असली कहानी क्या है और अवस्थी परिवार उसके राज से कैसे पर्दा उठाता है।


