Entertainment

आमिर खान और कबीर खान पहली बार साथ आए

‘सिल्क्यारा 41’ फिल्म का हुआ ऐलान

मुंबई। हिंदी सिनेमा के दो बड़े नाम आमिर खान(Aamir Khan) और निर्देशक कबीर खान पहली बार एक फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं। दोनों की नई फिल्म ‘सिल्क्यारा 41’ का आधिकारिक ऐलान किया गया है। यह फिल्म उत्तराखंड की सिल्क्यारा टनल में वर्ष 2023 में हुए चर्चित रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित होगी, जिसमें 41 मजदूर 17 दिनों तक सुरंग के अंदर फंसे रहे थे। इस फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस और मेलबर्न की माइंड ब्लोइंग फिल्म्स मिलकर करेंगे, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी कबीर खान संभालेंगे।

फिल्म की घोषणा इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की। इसके साथ आमिर खान(Aamir Khan) और कबीर खान की तस्वीरें भी साझा की गईं। ऐलान के बाद यह प्रोजेक्ट फिल्म जगत और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

2023 के रेस्क्यू मिशन पर बनेगी फिल्म

‘सिल्क्यारा 41’ की कहानी उस ऐतिहासिक रेस्क्यू मिशन पर आधारित होगी, जिसने देश ही नहीं बल्कि दुनिया का भी ध्यान अपनी ओर खींचा था। नवंबर 2023 में उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्क्यारा सुरंग का एक हिस्सा ढह गया था। हादसे के बाद 41 मजदूर सुरंग के भीतर फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार 17 दिनों तक बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें कई एजेंसियों और विशेषज्ञों ने मिलकर काम किया। आखिरकार सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

17 दिन तक टनल में फंसे थे 41 मजदूर

फिल्म में इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सामने आई चुनौतियों, बचाव दल की रणनीति और मजदूरों के हौसले को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। इस अभियान में ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध टनल विशेषज्ञ प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने तकनीकी सलाह देकर रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। माना जा रहा है कि फिल्म में उनके किरदार और योगदान को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा।

फिल्म की कहानी ऑस्ट्रेलियाई स्क्रीनराइटर एंड्रयू अनास्तासियोस लिख रहे हैं। मेकर्स के अनुसार, यह प्रोजेक्ट भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक महत्वपूर्ण सिनेमाई सहयोग का उदाहरण होगा। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक हादसे की कहानी नहीं, बल्कि साहस, धैर्य, टीमवर्क और इंसानी जज्बे की कहानी है।

कबीर खान इससे पहले ‘बजरंगी भाईजान’, ‘83’ और ‘चंदू चैंपियन’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। वहीं आमिर खान(Aamir Khan) प्रोडक्शंस भी सामाजिक और वास्तविक घटनाओं पर आधारित फिल्मों के लिए जाना जाता है। ऐसे में दोनों का पहली बार साथ आना इस प्रोजेक्ट को और खास बना रहा है।

फिलहाल फिल्म की स्टार कास्ट और रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि घोषणा के बाद से ही दर्शकों में इस फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है। 2023 के सबसे चर्चित रेस्क्यू ऑपरेशन को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फिल्म प्रेमी और आम दर्शक अब इसकी अगली आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button