अक्षय कुमार बोले- भोजपुरी हॉलीवुड से बेहतर, परेश रावल ने दिया ‘हेरा फेरी 3’ पर बड़ा संकेत

मुंबई। मुंबई में आयोजित फिल्म वेलकम टू द जंगल के सॉन्ग लॉन्च इवेंट में अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और परेश रावल ने अपने बयानों से खूब सुर्खियां बटोरीं। इस दौरान अक्षय कुमार ने भोजपुरी भाषा और संस्कृति की जमकर तारीफ की और इसकी तुलना हॉलीवुड से करते हुए इसे बेहतर बताया।
अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने कहा कि भोजपुरी हॉलीवुड से बेहतर है, क्योंकि विदेशी दर्शक भारतीय गीतों और उनकी भावनाओं को पूरी तरह समझ नहीं सकते। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और अलग-अलग भाषाओं में बनने वाले गीत हमारी पहचान को समृद्ध बनाते हैं। अक्षय ने कहा कि भारतीय सिनेमा में संगीत और संस्कृति का जो मेल देखने को मिलता है, वह दुनिया में कहीं और नहीं है।
फिल्म में 32 इडियट्स है
फिल्म की बड़ी स्टारकास्ट पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए अक्षय ने कहा, “एक फिल्म 3 इडियट्स थी, जो सुपरहिट रही। हमारी फिल्म में तो 32 इडियट्स हैं, इसलिए कुछ भी हो सकता है।” उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद सभी कलाकार और दर्शक हंस पड़े।
इवेंट के दौरान अक्षय (Akshay Kumar) से पूछा गया कि उनके लिए पैसा ज्यादा महत्वपूर्ण है या शोहरत। इस पर उन्होंने कहा कि पैसा जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी अच्छी सेहत है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लोग खोया हुआ पैसा और कारोबार दोबारा हासिल कर लेते हैं, लेकिन खोई हुई सेहत वापस पाना बेहद मुश्किल होता है।
परेश रावल ने हेरा फेरी 3 विवाद खत्म करने का दिया संकेत
वहीं अभिनेता परेश रावल ने भी हेरा फेरी 3 को लेकर बड़ा संकेत दिया। फिल्म से जुड़े विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “जब तक हम जिंदा हैं, हेरा फेरी चलती रहेगी।” उनके इस बयान को फिल्म के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
वेलकम टू द जंगल 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह लोकप्रिय वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार, परेश रावल, सुनील शेट्टी और राजपाल यादव समेत कई कलाकार नजर आएंगे।

