EntertainmentNational

वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर छाई ‘Alpha’: ओपनिंग वीकेंड में 58 करोड़ पार, स्पाई थ्रिलर ने दिखाई दमदार रफ्तार

दिल्ली। निर्देशक शिव रवैल की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘Alpha’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, अनिल कपूर और बॉबी देओल जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को देश के साथ-साथ विदेशों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिलीज के पहले वीकेंड में फिल्म ने वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में मजबूत शुरुआत करते हुए 58 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार कर लिया है।

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के तीसरे दिन फिल्म ने दुनियाभर में करीब 20 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इसके साथ ही ‘Alpha’ का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 58 करोड़ रुपए के पार पहुंच गया। शनिवार की तुलना में रविवार को फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे साफ है कि दर्शकों के बीच फिल्म का क्रेज लगातार बढ़ रहा है।

यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की इस नई पेशकश से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं और शुरुआती बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन ने उन उम्मीदों को काफी हद तक सही साबित किया है। फिल्म को क्रिटिक्स और ऑडियंस से मिश्रित लेकिन सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिसका फायदा इसकी कमाई में भी दिखाई दे रहा है।

फिल्म की कहानी एक ऐसी युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे जन्म के बाद परिवार से अलग कर दिया जाता है। बाद में उसे एक सीक्रेट मिशन के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। मिशन के दौरान जब उसे अपने अतीत और परिवार के बारे में सच्चाई पता चलती है, तो कहानी नया मोड़ लेती है।

गौरतलब है कि रिलीज से पहले आईएमडीबी की 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों की सूची में भी ‘Alpha’ शामिल थी। मजबूत ओपनिंग वीकेंड के बाद माना जा रहा है कि फिल्म आने वाले दिनों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ और मजबूत कर सकती है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button