Chhattisgarh

सहायक शिक्षक भर्ती पर घमासान: शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के खिलाफ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत, 170वें दिन भी जारी D.Ed. अभ्यर्थियों का आंदोलन

रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। D.Ed. प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के खिलाफ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। उनका आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया रोकी गई है और पात्र अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं दी गई है।

हालांकि हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने पहुंचे अभ्यर्थियों को बताया गया कि इस विषय से संबंधित श्रेणी अभी पोर्टल में उपलब्ध नहीं है, इसलिए फिलहाल शिकायत दर्ज नहीं की जा सकती। हेल्पलाइन कर्मियों ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल जॉइनिंग लेटर जारी होने के बाद पदस्थापना या जॉइनिंग न मिलने की स्थिति में शिकायत दर्ज की जा सकती है।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया रोके जाने के कारणों की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। उनका कहना है कि विभागीय अधिकारी और शिक्षा विभाग लगातार इस मामले में टालमटोल कर रहे हैं।

वहीं, 2300 रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed. अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन गुरुवार को 170वें दिन में प्रवेश कर गया। आंदोलनकारियों का कहना है कि मेरिट सूची में नाम आने और न्यायालय के आदेश के बावजूद उन्हें अब तक नियुक्ति नहीं मिली है।

भीषण गर्मी के बीच आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की तबीयत भी बिगड़ रही है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के अभ्यर्थी मृगेंद्र रजवाड़े की हालत गंभीर होने पर उन्हें नवा रायपुर स्थित राखी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले तीन वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं और उनका आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि अपने वैधानिक और संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर है। उन्होंने सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जा सकता है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button