बिलासपुर के बेलतरा में ग्रामीण बैंक में सेंधमारी का प्रयास
दीवार तोड़कर बैंक के अंदर घुसे अज्ञात बदमाश

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलतरा गांव के ग्रामीण बैंक(Rural Bank) में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने सेंधमारी कर चोरी का प्रयास किया। बदमाश बैंक की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और परिसर में लगे एटीएम को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखी नकदी निकालने की कोशिश की। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
सुबह बैंक खुलने पर सामने आई चोरी की कोशिश
घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई, जब ग्रामीण बैंक(Rural Bank) कर्मचारी शाखा पहुंचे। उन्होंने बैंक की दीवार टूटी हुई और एटीएम को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा, जिसके बाद तत्काल बैंक प्रबंधन और रतनपुर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस टीम
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण बैंक(Rural Bank) प्रबंधन ने मामले की लिखित शिकायत रतनपुर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में बैंक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल है।

