Follow Us on Our Social Media
National

बकरी चोरी के शक में भीड़ का हमला, पेड़ से बांधकर युवकों की पिटाई; एक की मौत, दो गंभीर

 

झारखंड के खूंटी जिले में बकरी चोरी के शक में भीड़ द्वारा की गई कथित पिटाई में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना मुरहू थाना क्षेत्र के रुमुतकेल पंचायत स्थित बिंदादिरी गांव की है। रविवार देर रात एक कार में सवार चार युवक गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि वे बकरी चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बकरियों के शोर मचाने पर ग्रामीण जाग गए और गांव की घेराबंदी कर चारों युवकों को पकड़ लिया।

बताया गया कि इस दौरान एक युवक मौके से भागने में सफल रहा, जबकि तीन अन्य युवकों को कथित तौर पर जंगल ले जाकर पेड़ से बांध दिया गया। आरोप है कि वहां ग्रामीणों की भीड़ ने लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की।

घटना की सूचना मिलने पर मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर खूंटी सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल ले जाते समय दिलदार अंसारी नामक युवक की मौत हो गई। वहीं, फिरोज अंसारी और निजाम अंसारी का उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, घायल निजाम अंसारी के बयान के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button