
आइची-नगोया। एशियन गेम्स 2026 (Asian Games) में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को महिला कबड्डी टीम ने रोमांचक फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम ने पिछली एशियन गेम्स में जीता खिताब बरकरार रखा है। यह प्रतियोगिता में भारत का तीसरा गोल्ड मेडल है।
भारत और ईरान के बीच फाइनल मुकाबला बेहद करीबी रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने लगातार अंक जुटाए और मैच के आखिरी हिस्से तक मुकाबला खुला रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के बीच बेहतर रक्षात्मक खेल दिखाया और 37-34 की बढ़त के साथ मैच अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार कबड्डी का स्वर्ण हासिल किया।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत भी प्रभावशाली अंदाज में की थी। ग्रुप मुकाबले में बांग्लादेश को 42-21 से हराया था। इसके बाद ईरान को 37-23 और जापान को 50-25 से मात देकर ग्रुप स्टेज में तीनों मुकाबले जीते थे।
भारत के पदकों में इजाफा
सातवें दिन भारत ने कबड्डी (Asian Games) के अलावा शूटिंग और एथलेटिक्स में भी पदक जीते। महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन टीम स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन, विदर्शा विनोद और आशी चौकसे की भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
एथलेटिक्स में सावन बरवाल ने पुरुषों की मैराथन में 2:11:37 के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। इससे इस स्पर्धा में भारत के 44 साल के पदक इंतजार का अंत हुआ।
स्क्वैश में भी भारत की उम्मीदें
स्क्वैश में भारत को अनाहत सिंह से भी पदक की उम्मीद थी। उन्होंने महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में जापान की सातोमी वतनाबे को 3-2 से हराकर फाइनल (Asian Games) में जगह बना ली। अनाहत ने मुकाबले में 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जीत दर्ज की। इससे भारत का एक और पदक पक्का हो गया।
मिक्स्ड डबल्स में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार की जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं शूटिंग में तिलोत्तमा सेन व्यक्तिगत फाइनल में चौथे और विदर्शा विनोद पांचवें स्थान पर रहीं।
कई स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन
एथलेटिक्स में अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाई। डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर और तौफीक नौशाद पदक की दौड़ में बने हुए हैं। तेजस्विन ने लॉन्ग जंप में 7.53 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया।
कैनो स्प्रिंट में पार्वती गीता और प्रसन्ना कुमार ने मिक्स्ड कयाक डबल 500 मीटर के फाइनल-A में जगह बनाई। फेंसिंग में भारतीय महिला फॉइल टीम ने राउंड ऑफ-16 में इंडोनेशिया को 45-24 से हराया, हालांकि क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया से हार गई। पुरुष सेबर टीम भी क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया से हारकर बाहर हुई।
बैडमिंटन में लक्ष्य सेन पुरुष सिंगल्स के दूसरे राउंड में सिंगापुर के लोह कीन यू से हार गए, जबकि टेबल टेनिस में यशस्वी घोरपड़े जापान की मिवा हारिमोटो के खिलाफ हारकर बाहर हो गईं।



