छत्तीसगढ़ में अब 2 दिन रहेंगे कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत: 27-28 सितंबर को बैठक-प्रेस कांफ्रेंस में होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत (Sukhdev Bhagat) के दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
पहले उनका प्रदेश में तीन दिन रहने का कार्यक्रम बताया गया था, लेकिन संशोधित कार्यक्रम के अनुसार वे अब 27 और 28 सितंबर को रायपुर में रहेंगे।
इस दौरान वे प्रदेश कांग्रेस संगठन से जुड़े अलग-अलग स्तर के पदाधिकारियों, विधायकों और फ्रंटल संगठनों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। नए प्रभारी का यह जिम्मेदारी संभालने के बाद छत्तीसगढ़ का पहला दौरा है।
27 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस और राजनीतिक मामलों की बैठक
सुखदेव भगत (Sukhdev Bhagat) 27 सितंबर को दोपहर 2:25 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय पहुंचेंगे। शाम 5:30 बजे राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक होगी।
रात 8 बजे कांग्रेस विधायकों के साथ डिनर का कार्यक्रम रखा गया है। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
दूसरे दिन लगातार होंगी संगठनात्मक बैठकें
28 सितंबर को सुबह 10 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों (Sukhdev Bhagat) के साथ बैठक होगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे कनेक्ट सेंटर की बैठक आयोजित की जाएगी। दोपहर 2 बजे सुखदेव भगत कांग्रेस के मार्च कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शाम 4 बजे फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों के साथ बैठक होगी। इसके बाद शाम 5 बजे कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक निर्धारित है। रात 7 बजे वे रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

संगठन की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों पर फोकस
सुखदेव भगत के दौरे के दौरान संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और अलग-अलग मोर्चों की गतिविधियों पर चर्चा होगी।
इससे पहले उनके तीन दिवसीय दौरे में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और संगठन के विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें प्रस्तावित थीं।
नए प्रभारी के पहले दौरे को संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में प्रदेश संगठन से जुड़े मुद्दों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर फीडबैक लिया जाएगा। जोगी कांग्रेस के कांग्रेस में विलय से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा की संभावना भी पहले की रिपोर्टों में जताई गई थी, हालांकि इस पर कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।



