Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

चंडालपुर अब कहलाएगा चंदनपुर, डिप्टी CM विजय शर्मा ने ग्रामीणों को सौंपी राजपत्र की प्रति; विकास कार्यों के लिए ₹11.70 लाख की घोषणा

कबीरधाम। जिले के ग्राम चंडालपुर को अब आधिकारिक रूप से ‘चंदनपुर’ नाम मिल गया है। गांव के नाम परिवर्तन की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद छत्तीसगढ़ शासन की ओर से इसका राजपत्र में प्रकाशन किया गया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपी और नाम परिवर्तन पर बधाई दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण इस मौके पर मौजूद रहे।

राजपत्र की प्रति मिलने के बाद ग्रामीणों ने खुशी जताई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की। इस दौरान डिप्टी CM का भी आत्मीय स्वागत किया गया।

सीसी रोड और सामुदायिक भवन के लिए ₹11.70 लाख की घोषणा

गांव के नाम परिवर्तन के साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्थानीय विकास कार्यों की भी घोषणा की। उन्होंने सीसी रोड और सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए कुल 11.70 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा ग्रामीणों की सुविधा के लिए विशेष शिविर आयोजित करने की बात कही गई।

इस शिविर के माध्यम से आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों में गांव का नाम ‘चंदनपुर’ दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराने की योजना है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।

सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होगा ‘चंदनपुर’

राजपत्र में प्रकाशन के बाद गांव का नया नाम अब संबंधित सरकारी अभिलेखों और शासकीय पोर्टलों में दर्ज किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे दैनिक बोलचाल और व्यवहार में गांव के नए नाम चंदनपुर का इस्तेमाल करें।

विजय शर्मा के मुताबिक, ग्रामीण लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों की मांग और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नाम परिवर्तन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। प्रक्रिया के विभिन्न स्तरों पर विचार के बाद राजपत्र में इसका प्रकाशन किया गया।

स्थानीय पहचान से जुड़ा है नाम परिवर्तन

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी गांव का नाम केवल उसकी पहचान भर नहीं होता, बल्कि उससे स्थानीय इतिहास, परंपरा, संस्कृति और लोगों की भावनाएं भी जुड़ी होती हैं। चंदनपुर नाम मिलने के बाद ग्रामीणों को अपनी स्थानीय पहचान को नए आधिकारिक नाम के साथ आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि कबीरधाम जिले में इससे पहले गधहाभाटा गांव का नाम बदलकर सोनपुर किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। जून 2026 में विजय शर्मा ने सोनपुर पहुंचकर ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपी थी। उसी दौरान उन्होंने चंडालपुर का नाम बदलकर चंदनपुर किए जाने और उसके राजपत्र में प्रकाशन की जानकारी भी दी थी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button