Follow Us on Our Social Media
National

दलेर मेहंदी विवाद पर CM धामी की प्रतिक्रिया, बोले- उत्तराखंड कलाकारों का सम्मान करने वाली धरती

देहरादून। पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर उत्तराखंड में शुरू हुआ विवाद लगातार चर्चा में है। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विवाद को समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कलाकारों और साहित्यकारों का सम्मान करने वाली धरती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह दलेर मेहंदी और गायक मीका सिंह से बात करेंगे।

मंत्री के बयान के बाद विवाद खत्म करने की अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में विपक्ष के ‘वोट चोरी’ अभियान को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही। दलेर मेहंदी विवाद पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उस समय जनता का दबाव रहा होगा और मंत्री सुबोध उनियाल ने भी स्पष्ट किया है कि उन्हें गायक की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी नहीं थी।

सीएम धामी ने कहा कि अब इस मामले को यहीं विराम देना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बातचीत करेंगे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, दोनों उनके मित्र हैं।

कुंजापुरी मेले में परफॉर्मेंस के दौरान हुआ था विवाद

पूरा मामला टिहरी गढ़वाल में आयोजित मां कुंजापुरी मेले का है, जहां पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक की प्रस्तुति पर सवाल उठाए।

मंत्री ने दलेर मेहंदी के गाने, लिप-सिंक करने और शराब के नशे में होने को लेकर आरोप लगाए थे। इस घटना के बाद मनोरंजन जगत में प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं और कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में आ गए।

मीका सिंह ने किया दलेर मेहंदी का समर्थन

गायक मीका सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दलेर मेहंदी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वह अपने भाई दलेर मेहंदी को जानते हैं और वह शराब नहीं पीते। मीका के मुताबिक, दलेर मेहंदी पिछले दो वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं और अभी भी ठीक हो रहे हैं। इसके बावजूद वह अपने बैंड के साथ परफॉर्म करते रहते हैं।

मीका सिंह ने कहा कि आजकल कई कलाकार बैकिंग ट्रैक का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इस आधार पर सभी से एक जैसा सवाल नहीं किया जाता। उन्होंने दलेर मेहंदी पर शराब पीने के आरोपों को गलत बताते हुए संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति से माफी मांगने की मांग भी की। मीका ने दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए फिल्मी कलाकारों का आभार जताया।

FWICE ने PM मोदी और CM धामी को लिखा पत्र

इस विवाद को लेकर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है। पत्र में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान गायक के साथ हुए व्यवहार पर चिंता जताई गई है।

फेडरेशन ने आग्रह किया है कि जनप्रतिनिधियों को कलाकारों और परफॉर्मर्स के साथ व्यवहार करते समय संवेदनशीलता और सम्मान बनाए रखने की सलाह दी जाए। अब मुख्यमंत्री धामी के बयान के बाद इस विवाद के शांत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button