छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव में फर्जी मतदान की शिकायतें, 14.50 लाख से ज्यादा वोट पड़े; IYC ऐप पर भी उठे सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद कथित फर्जी वोटिंग की शिकायतों ने विवाद खड़ा कर दिया है। मंगलवार शाम 5 बजे मतदान बंद हो गया। इसके बाद कुछ प्रत्याशियों और नेताओं ने ऑनलाइन वोटिंग प्रक्रिया में गड़बड़ी और अनपेड वोटों को लेकर सवाल उठाए हैं।
14.50 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने किया मतदान
करीब एक महीने से चल रही चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं को ऐप के जरिए ऑनलाइन वोटिंग का विकल्प दिया गया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुल 14 लाख 50 हजार 626 मतदाताओं ने मतदान किया है। इनमें 11 लाख 76 हजार 907 पैड वोटर हैं, जिन्होंने मतदान के साथ ₹75 सदस्यता शुल्क जमा किया है। वहीं 2 लाख 79 हजार 719 अनपैड वोटर हैं, जिनका सदस्यता शुल्क अभी जमा होना बाकी है।
अनपैड वोटर्स के लिए सदस्यता शुल्क जमा करने की अंतिम समय-सीमा 1 अक्टूबर रात 12 बजे तक रखी गई है। इसके बाद पैड वोटर्स को ही मतगणना में मान्य किए जाने की बात कही गई है।
फर्जी वोटिंग की शिकायत से बढ़ी चिंता
इसी बीच कांग्रेस नेता और कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने कथित फर्जी वोटिंग की शिकायत उठाई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की।
विनयशील के मुताबिक, मतदान समाप्त होने के बाद भी उनकी आईडी से जुड़े कुछ अनपेड वोटों की जानकारी सामने आई। उन्होंने दावा किया कि इनमें सूरजपुर का एक, कोरबा के दो और खैरागढ़ के चार वोट शामिल हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ये वोट उनकी आईडी से कैसे जुड़े और क्या इसके पीछे तकनीकी गड़बड़ी या किसी अन्य वजह की जांच की जरूरत है।
ऐसे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। इससे पहले भी छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव में ऑनलाइन वोटिंग और ऐप से जुड़ी शिकायतें सामने आती रही हैं।
युवा कांग्रेस ने तकनीकी समस्या की बात कही
युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन तुषार गुहा ने बताया कि शाम 5 बजे के बाद मतदान बंद हो चुका है, लेकिन अनपेड वोटर्स को शुल्क जमा करने के लिए 1 अक्टूबर रात 12 बजे तक का समय दिया गया है। जैसे-जैसे शुल्क जमा होगा, संबंधित वोटर्स को पैड वोटर्स की श्रेणी में जोड़ा जाएगा।
फर्जी वोटिंग की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों से ऐसी शिकायतें जरूर मिली थीं और ऐप में कुछ तकनीकी दिक्कतें भी सामने आई थीं, जिन्हें दूर कर लिया गया है। फिलहाल किसी नई गड़बड़ी की जानकारी नहीं होने की बात उन्होंने कही।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 17 उम्मीदवार
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 17 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव के दौरान सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे दो प्रमुख दावेदारों के रूप में सामने आए हैं। इससे पहले सितंबर में दोनों के नामांकन होल्ड किए जाने की खबर भी सामने आई थी।
अब मतदान पूरा होने के बाद सभी की नजरें सदस्यता शुल्क जमा होने की अंतिम तारीख और उसके बाद होने वाली मतगणना पर हैं। कथित फर्जी मतदान की शिकायतों पर जांच और उनके नतीजे भी चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण में महत्वपूर्ण रहेंगे।



