Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

बस किराया बढ़ोतरी और भर्ती परीक्षाओं को लेकर कांग्रेस का हमला, भूपेश बघेल बोले- अब क्या बचा है जिसके दाम नहीं बढ़े?

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस किराए में बढ़ोतरी और सरकारी भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बढ़ती महंगाई और बस किराए में वृद्धि को लेकर सरकार को घेरा, वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही बाधाओं पर सवाल उठाते हुए प्रदेश की परीक्षा प्रणाली को भ्रष्टाचार का अड्डा करार दिया।

भूपेश बघेल ने महंगाई को लेकर सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस किराए में बढ़ोतरी पर कहा कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में बिजली बिल में पांच बार बढ़ोतरी की गई है, जबकि बस किराया एक साल के भीतर दूसरी बार बढ़ाया गया है। इस बार बस किराए में 40 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

बघेल ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी लगभग सभी चीजों के दाम बढ़ गए हैं। उन्होंने सवाल किया, “अब क्या बचा है, जिसके दाम नहीं बढ़े हैं?”

भर्ती परीक्षाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना

सरकारी भर्ती परीक्षाओं और पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कभी इंटरव्यू स्थगित हो जाते हैं, कभी प्रमोशन की प्रक्रिया रुक जाती है और कभी परीक्षाएं टाल दी जाती हैं।

बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश और प्रदेश में परीक्षाओं का सुचारु संचालन नहीं कर पा रही है। भर्ती प्रक्रियाओं में बार-बार आ रही बाधाओं से अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ रही है।

दीपक बैज बोले- छत्तीसगढ़ में किसी विभाग की परीक्षा सुरक्षित नहीं

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी सरकारी भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसी भी विभाग की परीक्षा सुरक्षित नहीं है। उन्होंने पुलिस भर्ती परीक्षा के इंटरव्यू स्थगित होने और शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

बैज ने कहा कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) की परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तर्ज पर आयोजित करने का दावा किया था, लेकिन उनके अनुसार सरकार शिक्षक भर्ती, व्यापम और सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती जैसी परीक्षाएं भी ठीक से नहीं करवा पा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की परीक्षा प्रणाली को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया है। कांग्रेस नेताओं ने भर्ती प्रक्रियाओं में आ रही बाधाओं और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button