दीपक बैज का भाजपा सरकार पर हमला, शिक्षा-स्वास्थ्य से लेकर कानून-व्यवस्था और धान खरीदी पर उठाए सवाल

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर शिक्षा, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और धान खरीदी समेत कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकारी व्यवस्थाएं लगातार बदहाल हो रही हैं और सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय दिखावे की राजनीति में व्यस्त है।
शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के कई स्कूलों में बच्चों के लिए पर्याप्त भवन तक उपलब्ध नहीं हैं। कई स्कूल भवन जर्जर हालत में हैं और बारिश के दौरान छतों से पानी टपक रहा है।
उन्होंने धमतरी में शिक्षकों की कमी के विरोध में बच्चों द्वारा स्कूल में ताला लगाए जाने का जिक्र किया। धमधा में स्कूल भवन नहीं होने को लेकर उन्होंने कहा कि यह शिक्षा मंत्री का जिला है, फिर भी वहां की स्थिति चिंताजनक है।
यह भी पढ़ें – कोरिया का जीराफूल चावल प्राकृतिक खेती और एफपीओ मॉडल से बना रहा नई पहचान
बस्तर का जिक्र करते हुए बैज ने आरोप लगाया कि कई जगह दो साल बाद भी स्कूल भवनों का निर्माण पूरा नहीं हुआ है और बच्चे पंचायत भवन में पढ़ने को मजबूर हैं। उन्होंने दावा किया कि विद्यार्थियों को अब तक किताबें और ड्रेस भी नहीं मिली हैं। बैज ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री को रील बनाने से फुर्सत नहीं है और सरकार ने प्रदेश की स्कूली व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।
कानून-व्यवस्था पर भी निशाना
कानून-व्यवस्था को लेकर बैज ने कहा कि राजधानी रायपुर में महिलाओं के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म जैसी गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने एक ही दिन में महिला के साथ कथित गैंगरेप की घटना का जिक्र करते हुए इसे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताया।
बैज ने दावा किया कि प्रदेश में लागू कमिश्नरी व्यवस्था भी फेल हो चुकी है। उन्होंने गृहमंत्री पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें फोटो सेशन से फुर्सत नहीं है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि अपराध के मामलों में छत्तीसगढ़ उत्तर प्रदेश और बिहार से भी आगे निकल रहा है।
सुप्रिया श्रीनेत पर एफआईआर को लेकर भी हमला
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के मामले में बैज ने भाजपा नेता अजय चंद्राकर से मामले की वास्तविकता बताने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार एफआईआर दर्ज की जा रही हैं।
बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक नहीं, 10 एफआईआर भी दर्ज कर दी जाएं, लेकिन दबाव की राजनीति बंद होनी चाहिए।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर स्वास्थ्य मंत्री को घेरा
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को पहले अपने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था संभालनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर में लोग मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों से जान गंवा रहे हैं।
दवाओं की खरीदी को लेकर भी बैज ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से दवाएं खरीदी जा रही हैं और अमानक व कथित नकली दवाओं की खरीदी का मामला सामने आया है। बैज ने स्वास्थ्य मंत्री से इस मामले में जनता से माफी मांगने की मांग की।
धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करेगी कांग्रेस
धान खरीदी को लेकर बैज ने कहा कि कांग्रेस की टीम प्रदेश के धान खरीदी और संग्रहण केंद्रों का निरीक्षण करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह धान खुले में पड़ा है और धान को जानबूझकर भिगोया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि धान की खरीदी से लेकर उठाव तक भ्रष्टाचार हो रहा है। कांग्रेस की टीम मौके पर जाकर स्थिति की जांच करेगी और कथित अनियमितताओं को सामने लाएगी।
खुले नाले में बच्चे की मौत पर भी सरकार को घेरा
खुले नाले में बच्चे की मौत को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर बैज ने कहा कि खुले नाले को ढंकना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनता को सुरक्षित नहीं रख सकती तो उसे सत्ता की कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति पर तंज
भाजपा में प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर भी बैज ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार महीने से भाजपा का प्रदेश प्रभारी नहीं है। बैज के मुताबिक, बिना प्रदेश प्रभारी के भाजपा विकलांग हो चुकी है और बिना सिर-पैर के काम कर रही है।
दीपक बैज के इन बयानों के जरिए कांग्रेस ने एक बार फिर प्रदेश सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और धान खरीदी जैसे मुद्दों पर घेरते हुए उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।



