रेस कोर्स मस्जिद और कब्रिस्तान के संरक्षण की मांग, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से मिला जमीयत का प्रतिनिधिमंडल

जमीयत उलमा-ए-हिंद के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में सफदरजंग मकबरे के पीछे स्थित ऐतिहासिक रेस कोर्स मस्जिद और उससे सटे कब्रिस्तान के संरक्षण की मांग उठाई है। महासचिव मौलाना मुहम्मद हकीमुद्दीन क़ासमी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात की और उन्हें इस संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इसमें मस्जिद और कब्रिस्तान के धार्मिक, ऐतिहासिक और कानूनी महत्व का उल्लेख करते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई।
सरकारी अभिलेखों में मस्जिद का उल्लेख
ज्ञापन में कहा गया है कि रेस कोर्स मस्जिद से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज सरकारी अभिलेखों में मौजूद हैं। जमीयत के अनुसार, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की हेरिटेज सूची में मस्जिद का नाम क्रम संख्या 22 पर दर्ज है। इसके अलावा, दिल्ली गजट 1977 में भी इसका उल्लेख क्रम संख्या 18 पर होने और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की संशोधित सूची में संपत्ति पहचान संख्या के साथ शामिल होने की बात कही गई है।
नमाज और बिजली-पानी की सुविधा बहाल करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मस्जिद में नमाजियों की आवाजाही पर पाबंदी और पानी-बिजली की आपूर्ति बंद किए जाने को लेकर चिंता जताई। ज्ञापन में मस्जिद और कब्रिस्तान को संभावित ध्वस्तीकरण से बचाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की गई है।
जमीयत ने मंत्री से संबंधित अधिकारियों, विशेष रूप से दिल्ली वक्फ बोर्ड और NDMC से विस्तृत रिपोर्ट मंगाने का अनुरोध किया। साथ ही कहा कि सरकारी दस्तावेजों की पूरी जांच, संपत्तियों की कानूनी स्थिति की पुष्टि और लागू कानूनों व न्यायिक आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित किए बिना कोई ऐसी कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए, जिससे इन संपत्तियों को अपूरणीय नुकसान पहुंचे।
किरेन रिजिजू ने हरसंभव प्रयास का दिया आश्वासन
जमीयत ने मस्जिद और कब्रिस्तान के संरक्षण के लिए सभी उपलब्ध कानूनी उपाय अपनाने की प्रतिबद्धता जताई। प्रतिनिधिमंडल की मांगों को सुनने के बाद किरेन रिजिजू ने आश्वासन दिया कि वह मामले में अपनी ओर से हरसंभव प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में मौलाना मुहम्मद कासिम नूरी, मौलाना कारी आरिफ क़ासमी, हाफिज़ यूसुफ़ आज़मी, मौलाना हारून राही, मौलाना ज़ियाउल्लाह क़ासमी और मौलाना अरशद नदवी सहित अन्य सदस्य शामिल थे।



