नारायणपुर में पुनर्वास केंद्र पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, युवाओं को मुख्यधारा से जुड़ने का दिया संदेश

नारायणपुर प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुनर्वास केंद्र का दौरा कर हिंसा का रास्ता छोड़ चुके युवाओं से आत्मीय बातचीत की। इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने युवाओं से पुनर्वास केंद्र में मिल रही सुविधाओं, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों पर चर्चा की।
डिप्टी सीएम ने युवाओं से आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक खाते और अन्य जरूरी सरकारी दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर पुनर्वासित युवक-युवती को सम्मानजनक जीवन और आत्मनिर्भर बनने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
विजय शर्मा ने युवाओं से अपील की कि वे जेल में बंद अपने पुराने साथियों से मिलकर उन्हें भी पुनर्वास योजना का लाभ लेने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शांति और विकास का रास्ता ही बस्तर के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
बैठक के दौरान युवाओं ने खेतों की सिंचाई के लिए बोर की आवश्यकता बताई। इस पर डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीद परिवारों और पुनर्वासित युवाओं का सर्वे कर उनके खेतों में सिंचाई की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि वे खेती के जरिए स्थायी आजीविका कमा सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पेसा अधिनियम को और प्रभावी बनाया जा रहा है। साथ ही युवाओं से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।
वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अब समय बस्तर को शांति, विकास और समृद्धि की नई दिशा देने का है। उन्होंने कहा कि हिंसा छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने वाले युवाओं ने बदलाव की शुरुआत की है और सभी को मिलकर क्षेत्र के विकास में योगदान देना चाहिए।

