Follow Us on Our Social Media
International

फ्लाईदुबई फ्लाइट में 6 साल की बच्ची की चीख से बची 180 यात्रियों की जान? कॉकपिट में हमले के बीच मां ने बजाया अलार्म

नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के अंदर हुई हिंसक घटना ने विमान सुरक्षा को लेकर दुनियाभर में चर्चा छेड़ दी है। भारतीय कैप्टन स्मित माछर पर कथित तौर पर को-पायलट ने चाकू से हमला किया था। घटना के दौरान विमान तेजी से नीचे आया, लेकिन कैप्टन और यात्रियों की तत्परता के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।

इस घटना में कैप्टन के अलावा यात्रियों की भूमिका की भी चर्चा हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 6 साल की बच्ची नीना मानेस की वजह से भी कॉकपिट में चल रही घटना का पता समय रहते चल सका।

बच्ची ने मां से कहा- टॉयलेट जाना है

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस समय कॉकपिट में कथित हमला हुआ, उसी दौरान नीना ने अपनी मां टाली मानेस से टॉयलेट जाने की बात कही। मां जब उसे लेकर कॉकपिट के पास पहुंचीं तो उन्हें अंदर से चीखने की आवाज सुनाई दी।

टाली मानेस ने इजरायली मीडिया चैनल 12 को बताया कि उन्होंने कॉकपिट से आवाज सुनने के बाद लोगों को मदद के लिए पुकारा और केबिन क्रू को घटना की जानकारी दी। उनके मुताबिक, कॉकपिट के अंदर खून फैला हुआ था और वहां संघर्ष चल रहा था।

बच्ची के पिता भी कॉकपिट की ओर दौड़े

नीना के पिता ज्विका मानेस ने बताया कि बेटी की चीख सुनकर वह तुरंत कॉकपिट की ओर दौड़े। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की आवाज और यह कहते हुए रोना कि वह मरना नहीं चाहती, अब भी उनके कानों में गूंजता है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ज्विका मानेस और दो अन्य यात्रियों ने कॉकपिट की ओर पहुंचकर कथित हमलावर को काबू करने में मदद की। सामने आए फुटेज में कुछ यात्रियों को संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ते हुए और घायल कैप्टन की मदद करते हुए देखा गया।

तेजी से नीचे आया विमान

घटना के दौरान विमान की ऊंचाई तेजी से कम हुई। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक, विमान करीब 90 सेकंड में लगभग 17,400 फीट नीचे आया। हालांकि, चालक दल और यात्रियों की कार्रवाई के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।

गंभीर रूप से घायल कैप्टन के कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल होने के बाद यात्रियों को अंदर पहुंचने और हमलावर को काबू करने का मौका मिला।

दूसरे पायलट ने कराई आपातकालीन लैंडिंग

फ्लाईदुबई के अनुसार, विमान में मौजूद एक अन्य पायलट ने स्थिति संभालने के बाद विमान को नियंत्रित किया। इसके बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।

पूरी घटना की जांच जारी है और हमले के पीछे की वजह को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। इस घटना ने एक बार फिर विमान के कॉकपिट की सुरक्षा, चालक दल की सुरक्षा और आपात स्थिति में यात्रियों की भूमिका को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button