गणेश पंडाल में DJ की आवाज को लेकर विवाद, युवक की चाकू घोंपकर हत्या; आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गणेश पंडाल के पास डीजे साउंड बढ़ाने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना ग्राम संबलपुरी में सोमवार शाम की है। विवाद के दौरान आरोपी ने युवक के सीने पर चाकू से लगातार कई वार किए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
साउंड सिस्टम को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने गणेश पंडाल बनाया गया है। सोमवार शाम यहां 23 वर्षीय अमन सूर्यवंशी और 22 वर्षीय आकाश सूर्यवंशी मौजूद थे। इसी दौरान डीजे की आवाज को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला झगड़े में बदल गया।
आरोप है कि गुस्से में अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार 4 से 5 वार कर दिए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई वारदात से पंडाल के आसपास अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आकाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में हत्या की वजह डीजे साउंड को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
नशे की लत का भी सामने आया मामला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमन नशे का आदी बताया जा रहा है। उसके परिजन उसे पहले भी कई बार नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं। वह करीब दो से तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में रह चुका है, लेकिन उसकी नशे की लत पूरी तरह नहीं छूटी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब उससे वारदात की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है।



