78वें एमी अवॉर्ड्स में छाए नोआ वायले और रिया सीहॉर्न, देखें पूरी विनर लिस्ट

78वें एमी अवॉर्ड्स के विजेताओं की घोषणा हो गई है। इस बार ड्रामा और कॉमेडी कैटेगरी में कई चर्चित कलाकारों ने पुरस्कार अपने नाम किए। ‘द पिट’ के लिए नोआ वायले ने ड्रामा सीरीज में बेस्ट लीड एक्टर का अवॉर्ड जीता, जबकि रिया सीहॉर्न ने ‘प्लूरिबस’ के लिए बेस्ट लीड एक्ट्रेस का पुरस्कार हासिल किया। यह रिया सीहॉर्न का पहला एमी अवॉर्ड है।
ड्रामा कैटेगरी में इन सितारों ने जीते पुरस्कार
ड्रामा कैटेगरी में नोआ वायले को ‘द पिट’ के लिए बेस्ट लीड एक्टर चुना गया। बेस्ट लीड एक्ट्रेस का पुरस्कार रिया सीहॉर्न को ‘प्लूरिबस’ के लिए मिला। टॉम पेल्फ्री ने ‘टास्क’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और एलिसन जैनी ने ‘द डिप्लोमैट’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता।
बेस्ट गेस्ट एक्टर का पुरस्कार ‘द पिट’ के लिए अर्नेस्ट हार्डन जूनियर को मिला, जबकि ‘पैराडाइज’ के लिए शैलीन वुडली को बेस्ट गेस्ट एक्ट्रेस चुना गया।
कॉमेडी कैटेगरी में मैथ्यू राइस और जीन स्मार्ट का जलवा
कॉमेडी कैटेगरी में ‘विडोज बे’ के लिए मैथ्यू राइस ने बेस्ट लीड एक्टर का पुरस्कार जीता। जीन स्मार्ट को ‘हैक्स’ के लिए बेस्ट लीड एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। स्टीफन रूट ने ‘विडोज बे’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और हाना एनबाइंडर ने ‘हैक्स’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का पुरस्कार हासिल किया।
‘द बेयर’ के लिए रॉब रेनर को बेस्ट गेस्ट एक्टर और ‘विडोज बे’ के लिए बेट्टी गिलपिन को बेस्ट गेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला। मैथ्यू राइस ने ‘द बीस्ट इन मी’ के लिए लिमिटेड सीरीज कैटेगरी में भी बेस्ट लीड एक्टर का अवॉर्ड जीता।
लिमिटेड सीरीज और अन्य प्रमुख विजेता
लिमिटेड या एंथोलॉजी सीरीज में सैली फील्ड को ‘रिमार्केबली ब्राइट क्रीचर्स’ के लिए बेस्ट लीड एक्ट्रेस चुना गया। डेविड हार्बर और लिंडा कार्डेलिनी ने ‘डीटीएफ सेंट लुइस’ के लिए क्रमश: बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और एक्ट्रेस का पुरस्कार जीता।
रियलिटी प्रतियोगिता सीरीज का पुरस्कार ‘द ट्रेटर्स’ को मिला। ‘रिमार्केबली ब्राइट क्रीचर्स’ ने टेलीविजन मूवी कैटेगरी में बाजी मारी। वैरायटी स्पेशल का पुरस्कार ‘द मपेट शो’ को मिला, जबकि ‘द लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट’ को वैरायटी सीरीज लेखन और ‘साउथ पार्क’ को आउटस्टैंडिंग एनिमेटेड प्रोग्राम का पुरस्कार मिला।



