Follow Us on Our Social Media
National

फुकेत-दिल्ली फ्लाइट हादसे के बाद बड़ा फैसला, Air India और Air India Express के सभी पायलटों का होगा डोप टेस्ट

नई दिल्ली। फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के प्रमुख पायलट की जांच में गांजा सेवन की पुष्टि होने के बाद Air India और Air India Express ने अपने सभी पायलटों का डोप टेस्ट कराने का फैसला लिया है। दोनों एयरलाइंस में 5,000 से ज्यादा पायलट हैं। यह जांच पायलटों के साइकोएक्टिव यानी मानसिक स्थिति को प्रभावित करने वाले पदार्थों के सेवन का पता लगाने के लिए की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा और विमान संचालन में सुरक्षा के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर लिया गया है। दोनों कंपनियों ने पायलटों को भेजे गए आंतरिक संदेश में मौजूदा नियमों के तहत प्रतिबंधित पदार्थों और दवाओं के सेवन की जांच किए जाने की जानकारी दी है।

यह भी पढ़ें – आज का राशिफल

गुरुवार से शुरू होगी जांच

जानकारी के मुताबिक, सभी पायलटों के लिए यह जांच अनिवार्य होगी और गुरुवार से शुरू की जाएगी। पायलटों का डोप टेस्ट गुरुग्राम स्थित अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान, उड़ान के बाद फ्लाइट ब्रीफिंग केंद्रों, एयरलाइंस के कार्यालयों या संबंधित बेस पर उपलब्ध कराए गए स्थानों पर किया जाएगा।

एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य यात्रियों, हितधारकों और आम लोगों का भरोसा बनाए रखना है। साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि विमान संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही या सुरक्षा संबंधी जोखिम की गुंजाइश न रहे।

फुकेत-दिल्ली फ्लाइट अचानक 300 फीट नीचे आई थी

दरअसल, 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान AI2379 टर्बुलेंस की वजह से अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गई थी। एअरबस A320 विमान में उस समय 137 यात्री और चालक दल के 8 सदस्य समेत कुल 145 लोग सवार थे। घटना में कम से कम 24 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।

इसके बाद फ्लाइट के प्रमुख पायलट की जांच की गई। सूत्रों के मुताबिक, जांच में साइकोएक्टिव पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई और पायलट के नमूने में गांजा सेवन की पुष्टि हुई।

इस घटना के बाद एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने सभी पायलटों की अनिवार्य डोप टेस्टिंग कराने का फैसला लिया है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button