Follow Us on Our Social Media
Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया ईद मिलादुन्नबी, खंडवा-धार-सीधी में निकले विशाल जुलूस

भोपाल। मध्य प्रदेश में ईद मिलादुन्नबी का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मुस्लिम समाज की ओर से विशाल जुलूस निकाले गए। जुलूस में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा और बच्चे शामिल हुए। लोग रंग-बिरंगी पोशाकों में हाथों में झंडे लेकर जुलूस में शामिल हुए और पर्व की खुशियां मनाईं।

खंडवा में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

खंडवा में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सुबह करीब 9 बजे इमलीपुरा चौराहे से विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस बड़ाबम्ब, बॉम्बे बाजार, घंटाघर और टाउन हॉल होते हुए जलेबी चौक पहुंचा और फिर वापस इमलीपुरा पहुंचकर समाप्त हुआ।

जुलूस में शामिल लोग नात शरीफ पढ़ते हुए आगे बढ़े। बड़ी संख्या में युवाओं ने हाथों में इस्लामी झंडे लेकर हिस्सा लिया। जुलूस शहर काजी और समाज के वरिष्ठजनों की मौजूदगी में निकाला गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा।

धार में भी दिखा उत्साह

धार जिले में भी ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मुस्लिम समाज की ओर से विशाल जुलूस निकाला गया। इसमें बुजुर्गों के साथ बड़ी संख्या में युवा और बच्चे शामिल हुए। जुलूस के दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में नात-ए-पाक पेश की गई।

समाज के लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। जुलूस के मार्ग में कई स्थानों पर धर्मगुरुओं और समाज के वरिष्ठजनों का फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।

जुलूस धार शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इसमें विभिन्न मस्जिदों के सदर, धर्मगुरु और समाज के वरिष्ठजन मौजूद रहे। पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। कलेक्टर, एसपी, एएसपी, सीएसपी और एसडीएम समेत वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।

सीधी में भी निकला जुलूस

सीधी शहर में भी ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। जुलूस में कई झांकियां भी शामिल थीं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा और अंत में मस्जिद के पास इसका समापन हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button