Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

जगदलपुर में पहली बार राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन, 15 राज्यों के सचिव और 14 राज्यों के पंजीयक होंगे शामिल

जगदलपुर। बस्तर में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का सहकारिता सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। 8 और 9 अक्टूबर को जगदलपुर में होने वाले इस सम्मेलन में देशभर के सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता भारत सरकार के सहकारिता सचिव करेंगे।

राष्ट्रीय सम्मेलन में 15 राज्यों के सहकारिता सचिव और 14 राज्यों के पंजीयक हिस्सा लेंगे। इस दौरान सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने, किसानों तक सहकारी संस्थाओं की पहुंच बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।

‘सहकार से समृद्धि’ की कार्ययोजना पर होगा मंथन

सम्मेलन का प्रमुख केंद्र ‘सहकार से समृद्धि’ की कार्ययोजना होगी। इसमें सहकारिता के माध्यम से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा एम-पैक्स, डिजिटल सहकारिता, सहकारी बैंकिंग और भंडारण व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषय भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे।

राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में अलग-अलग राज्यों में सहकारिता क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। छत्तीसगढ़ की ओर से भी प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में 515 नए एम-पैक्स का गठन

प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र के विस्तार के तहत 515 नए एम-पैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख समितियां) गठित किए गए हैं। इसके साथ ही 3.18 लाख नए किसानों के सहकारी बैंकों में खाते खोले गए हैं। इससे बड़ी संख्या में किसानों को सहकारी बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में मदद मिली है।

वहीं, प्रदेश के 2,058 एम-पैक्स में माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन माइक्रो एटीएम के माध्यम से अब तक 324 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन किया जा चुका है। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच आसान हुई है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button