Follow Us on Our Social Media
National

डीके शिवकुमार होंगे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, 3 जून को लेंगे शपथ

दिल्ली। कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल (CLP) का नेता चुन लिया गया है और अब वे राज्य के 24वें मुख्यमंत्री बनेंगे।

बेंगलुरु में शनिवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। मुख्यमंत्री पद से हाल ही में इस्तीफा देने वाले सिद्धारमैया ने स्वयं शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका गृह मंत्री जी परमेश्वर ने समर्थन किया।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जानकारी दी कि डीके शिवकुमार 3 जून की शाम मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विधायक दल की बैठक के बाद शिवकुमार ने राज्यपाल थावरचंद्र गहलोत से भी मुलाकात की।

10 मंत्रियों की हो सकती है छुट्‌टी

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के साथ-साथ मंत्रिमंडल में भी व्यापक फेरबदल किया जाएगा। मौजूदा कैबिनेट से लगभग 10 मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि नई टीम में कई नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना है।

बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पुत्रों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा राज्य में चार उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है।

रोटेशन फॉर्मूला के तहत मुख्यमंत्री बनाया गया

डीके शिवकुमार को कथित “रोटेशनल फॉर्मूला” के तहत मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है। सिद्धारमैया ने 20 मई 2023 से 28 मई 2026 तक मुख्यमंत्री पद संभाला। विधायक दल की बैठक में कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।

बैठक के दौरान सभी विधायकों ने केंद्रीय नेतृत्व के फैसले पर भरोसा जताया। अंततः सिद्धारमैया द्वारा प्रस्तावित नाम पर सहमति बनी और डीके शिवकुमार को विधायक दल का नया नेता चुन लिया गया। इससे राज्य में कांग्रेस नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी हो गई।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Back to top button