Chhattisgarh

पूर्व महापौर और बेटे पर गुंडागर्दी का आरोप, बाप-बेटे पर केस दर्ज

रायपुर। शहर के पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता राजेश पांडेय एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन पर और उनके बेटे राहुल पांडेय पर एक युवक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है।

मामले का कथित सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामलें में जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिवम एन्कलेव निवासी अमित शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि सोसायटी की एक बैठक समाप्त होने के बाद राजेश पांडेय और उनके बेटे राहुल पांडेय ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद दोनों ने कथित रूप से उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए विवाद शुरू कर दिया।

आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी

अमित शर्मा का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे उनके सिर और कंधे पर चोटें आईं। घटना के दौरान उनका चश्मा भी टूट गया। घायल होने के बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।

घटना के बाद सामने आए कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो को लेकर लोगों के बीच भी चर्चा का माहौल है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि वायरल फुटेज की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया केस

सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर राजेश पांडेय और राहुल पांडेय के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले में दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button