Chhattisgarh

गृह निर्माण मंडल ने ठेकेदारों को दिए सख्त निर्देश, गुणवत्ता, समयबद्ध निर्माण और त्वरित भुगतान पर जोर

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और ठेकेदारों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से निर्माण ठेकेदारों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने की, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से 50 से अधिक ठेकेदार शामिल हुए।

बैठक में अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों से मंडल द्वारा सभी निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि गुणवत्ता और कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने मंडल को आवास निर्माण के साथ-साथ नगर विकास, रि-डेवलपमेंट, सड़क, पुल-पुलिया और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी भी सौंपी है।

उन्होंने कहा कि इन-हाउस, पीपीपी और बीओटी मॉडल के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है तथा ठेकेदार इन योजनाओं की सफलता में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उन्होंने निर्माण एजेंसियों से अपील की कि हितग्राहियों के लिए बनने वाले प्रत्येक मकान का निर्माण उसी गुणवत्ता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए, जैसा कोई व्यक्ति अपने स्वयं के घर के निर्माण में करता है।

बैठक में आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि समीक्षा का मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखना, निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करना और ठेकेदारों के देयकों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिए कि कार्यस्थलों पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर मुख्यालय स्तर से भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

बैठक के दौरान ठेकेदारों ने भूमि चयन, ले-आउट प्लान, प्राक्कलन तैयार करने और निविदा प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इन सुझावों पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

आयुक्त ने लेखा एवं तकनीकी शाखा के अधिकारियों को ठेकेदारों के सभी प्रकार के देयकों के त्वरित भुगतान के लिए चेकलिस्ट आधारित प्रणाली लागू करने तथा भुगतान प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के निर्देश भी दिए। बैठक में आगामी अधोसंरचना परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण गुणवत्ता में सुधार और निर्माण एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button