Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

IGKV पेपर लीक मामले में प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार, लिफाफे में छेद कर बनाया था प्रश्नपत्र का वीडियो

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी विषय के पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र की सामग्री छात्रों तक पहुंचाई थी।

परीक्षा से दो घंटे पहले वायरल हुआ पेपर

20 अगस्त को सुबह 10 बजे से बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष, द्वितीय सेमेस्टर के AGCH-221 यानी कीटशास्त्र विषय की परीक्षा होनी थी। परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले सुबह 8:41 बजे प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिली। छात्रों और छात्र प्रतिनिधियों ने भी व्हाट्सऐप के जरिए प्रश्नपत्र के कुछ हिस्से वायरल होने की जानकारी विश्वविद्यालय को दी।

इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा रद्द कर दी और मामले की शिकायत तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई।

लिफाफे में छेद कर मोबाइल से बनाया वीडियो

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी योगेश सोनकेसरिया पिछले करीब एक साल से प्रश्नपत्र प्राप्त करने और उन्हें कॉलेज ले जाने की जिम्मेदारी से जुड़ा था। 17 अगस्त को वह रायपुर के जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय से आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लेकर गया था।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की परीक्षा का प्रश्नपत्र वह अपने घर ले गया। वहां उसने सुई और नुकीले उपकरण से लिफाफे में छोटा छेद किया और मोबाइल कैमरा अंदर डालकर प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद प्रश्नपत्र की सामग्री की नकल तैयार की गई।

यह भी पढ़ें – बस्तर में नक्सलवाद के बाद शांति और विकास का नया दौर, सड़क-शिक्षा-स्वास्थ्य से रोजगार तक तेजी से हो रहा काम: सीएम विष्णुदेव साय

11 हजार रुपये में छात्रों को बेचा प्रश्नपत्र

पुलिस के मुताबिक, योगेश ने प्रश्नपत्र की सामग्री अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक और दो अन्य छात्रों को कुल 11 हजार रुपये में बेच दी। इसके बाद यह सामग्री त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू तक पहुंची और परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

छह आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 11 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग से जुड़े उपकरण, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सुजा, कॉपी और फेविकोल बरामद किए गए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में योगेश सोनकेसरिया (38), अजय नायक (20), त्रिदेव पटेल (22), नितिन पाण्डेय (22), अनुज मिंज (22) और आदित्य साहू (20) शामिल हैं।

सितंबर के पहले सप्ताह में होगी दोबारा परीक्षा

पेपर लीक होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा रद्द कर दी थी। यह परीक्षा अब सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे और कहा था कि परीक्षाओं की पारदर्शिता और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button