इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस, CJP प्रदर्शन में शामिल होने के बाद बढ़ीं मुश्किलें

बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई में हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद अभिनेता को भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया गया है। इस मामले को उनकी नागरिकता से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इमरान खान जन्म से अमेरिकी नागरिक हैं।
अभिनेता ने हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी। प्रदर्शन के बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। इसके बाद प्रदर्शन से जुड़े उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए और उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने इमरान खान को नोटिस जारी किया है। इसमें उन्हें 28 अक्टूबर 2026 से पहले भारत छोड़ने के लिए कहा गया है। नोटिस में इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 7 और 29 का उल्लेख किया गया है। हालांकि, इस कार्रवाई के पीछे के विस्तृत आधार और अभिनेता की ओर से आई प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।
11 साल बाद बॉलीवुड में वापसी की तैयारी
इमरान खान ने 2008 में फिल्म ‘जाने तू… या जाने ना’ से बतौर मुख्य अभिनेता बॉलीवुड में शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘लक’, ‘डेल्ही बेली’, ‘ब्रेक के बाद’, ‘गोरी तेरे प्यार में’ और ‘कट्टी बट्टी’ जैसी फिल्मों में नजर आए। फिल्मों में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद उन्होंने 2015 में अभिनय से दूरी बना ली थी।
अब इमरान खान फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने की तैयारी में हैं। यह फिल्म 18 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। ऐसे में भारत छोड़ने के नोटिस का उनकी आगामी फिल्म और बॉलीवुड में वापसी पर क्या असर पड़ेगा, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।



