बिलासपुर में मासूम को ले जाने का विरोध करने पर दादी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तीन साल की मासूम बच्ची को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश का विरोध करने पर उसकी दादी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला ने सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बच्ची को ले जाने की कोशिश का विरोध करने पर हमला
मामला सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा का है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे राजकुमारी यादव अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनका पड़ोसी प्रशांत शुक्ला वहां पहुंचा और कथित तौर पर तीन साल की बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। बच्ची की दादी राजकुमारी यादव ने इसका विरोध किया और आरोपी को रोकने का प्रयास किया।
आरोप है कि इससे नाराज होकर युवक ने पहले महिला के साथ गाली-गलौज की और फिर धारदार चाकू से उन पर हमला कर दिया। हमले में राजकुमारी यादव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
इलाज के दौरान महिला की मौत
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद परिजन घायल महिला को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी प्रशांत शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस वारदात के बाद ग्राम मेंड्रा में सनसनी फैल गई है। मासूम बच्ची को कथित तौर पर ले जाने की कोशिश और इसका विरोध करने पर बुजुर्ग महिला की हत्या से इलाके में चिंता का माहौल है।



