एशियन गेम्स में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, 7 खेलों में पहली बार जीते पदक

पहली बार पदक जीतने वाले खेल
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने कई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रचा। इस बार भारत ने 43 खेलों में से 36 में हिस्सा लिया और सात ऐसे खेलों में पदक जीते, जिनमें इससे पहले एशियन गेम्स में भारत कभी पोडियम तक नहीं पहुंचा था। जापान के आइची-नगोया में आयोजित प्रतियोगिता में इन उपलब्धियों ने भारत के पदक अभियान को और खास बना दिया।
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने महिलाओं की 60 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत को इस खेल में एशियन गेम्स का पहला पदक दिलाया। वहीं सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा ने कांस्य पदक हासिल किया। यह इस खेल में भारत का पहला एशियन गेम्स पदक रहा।
शूटिंग और रोइंग में भी मिली ऐतिहासिक सफलता
शूटिंग के स्कीट इवेंट में भी भारत ने पहली बार पदक जीता। माहेश्वरी चौहान, पारिनाज धालीवाल और राइजा ढिल्लन ने महिला स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। इसके बाद पारिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह की जोड़ी ने मिश्रित टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीतकर इस उपलब्धि को और मजबूत किया।
रोइंग के पुरुष डबल्स स्कल्स में सतनाम सिंह और सलमान खान ने भारत के लिए पहली बार पदक जीता। दोनों ने इस स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। एथलेटिक्स के पोल वॉल्ट में भी भारत का खाता पहली बार खुला, जहां बारानिका एलनगोवान ने महिलाओं की स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
सेपक टकरा और सेलिंग में भी खुला भारत का खाता
सेपक टकरा में भारत ने पहली बार एशियन गेम्स पदक जीता। पुरुष क्वाड्रेंट स्पर्धा में भारतीय टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं सेलिंग में नेथ्रा कुमानन ने महिलाओं की डिंघी स्पर्धा में पदक जीतकर इतिहास रचा।
इस तरह एशियन गेम्स 2026 में भारत ने सात खेलों में पहली बार पदक जीतकर अपनी खेल क्षमता का दायरा बढ़ाया। इन उपलब्धियों से उन खेलों को भी नई पहचान मिली, जिनमें अब तक भारत का प्रदर्शन पदक स्तर तक नहीं पहुंच पाया था।



