रायपुर में JCCJ का अनोखा प्रदर्शन, PM मोदी और CEC ज्ञानेश कुमार के मुखौटे पहन निकाली ‘ज्ञानू-जानू की बारात’

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने शनिवार को राजधानी रायपुर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुभाष स्टेडियम से शास्त्री चौक स्थित मुख्य निर्वाचन कार्यालय तक विरोध रैली निकाली।
प्रदर्शन को व्यंग्यात्मक रूप देते हुए कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुखौटे पहनकर ‘ज्ञानू और जानू की बारात’ निकाली। बैंड-बाजे और विवाह की प्रतीकात्मक रस्मों के जरिए पार्टी ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के बीच कथित नजदीकी पर राजनीतिक व्यंग्य किया। साथ ही निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए।
मोतीबाग के पास पुलिस ने रोका, सड़क पर कराई प्रतीकात्मक शादी
विरोध रैली जब मोतीबाग के पास पहुंची, तो पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने वहीं सड़क पर प्रतीकात्मक रूप से ‘ज्ञानू और जानू का विवाह’ संपन्न कराया। इस प्रदर्शन के जरिए JCCJ ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
‘जबसे ज्ञानू और जानू का प्यार हुआ, लोकतंत्र बीमार हो गया’
प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने प्रदर्शन के दौरान कहा, “जबसे ज्ञानू और जानू का प्यार हुआ है, लोकतंत्र बीमार हो गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों से देश में वोट चोरी होती रही है और एक कथित ‘सीक्रेट लव अफेयर’ चल रहा था, जिसकी बारात आज रायपुर की सड़कों पर निकाली गई।
जोगी ने कहा कि जहां रायपुर में बारात निकल रही है, वहीं देश में लोकतंत्र का जनाजा निकल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की आत्मा है और उसके साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

मतदाता सूची में गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग
अमित जोगी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र संविधान और जनता के विश्वास पर टिका है। आम नागरिक का वोट इसकी सबसे बड़ी ताकत है। संविधान गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मतदान के जरिए अपनी सरकार चुनने का अधिकार देता है।
उन्होंने कहा कि यदि मतदान की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो इससे लोकतंत्र के प्रति जनता के विश्वास को चोट पहुंचती है। जोगी ने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी से जुड़े आरोपों की तथ्यों के आधार पर पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता संजीव अग्रवाल, अधिवक्ता भगवानू नायक, प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष संतोषी रात्रे, जहीर खान, युवा प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय, माखन ताम्रकार, जितेन्द्र बंजारे, नवीन अग्रवाल, शमशूल आलम, चेतन आदिल, सुनील केसरवानी, मंसू निहाल, सत्या लहरे, सोमू खान, आशिक हुसैन और उमेश निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



