महादेव ऐप संचालक सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार,फर्जी पासपोर्ट से एंट्री का आरोप

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के मुख्य संचालक और 5,000 करोड़ रुपए के कथित सट्टेबाजी घोटाले के आरोपी सौरभ चंद्राकर (Saurabh Chandrakar) को ओमान में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसे भारतीय एजेंसियों की ओर से जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने हिरासत में लिया है। उस पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में प्रवेश करने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि सौरभ चंद्राकर पिछले कुछ समय से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रहा था। हाल ही में वह कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के जरिए ओमान पहुंचा, जहां इमिग्रेशन जांच के दौरान उसकी पहचान सामने आने पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद उसे ओमान की राजधानी मस्कट स्थित हाई-सिक्योरिटी अल खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
भारत लाने की तैयारी
रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत सरकार अब उसे प्रत्यर्पण (एक्सट्राडिशन) प्रक्रिया के तहत वापस लाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए ओमान सरकार (Saurabh Chandrakar ) के साथ औपचारिक कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यदि प्रत्यर्पण को मंजूरी मिलती है, तो चंद्राकर को भारत लाकर उससे महादेव ऐप और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन के मामलों में पूछताछ की जाएगी।
2019 से है फरार
सौरभ चंद्राकर (Saurabh Chandrakar) छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला है और 2019 से फरार बताया जाता है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और अन्य जांच एजेंसियां उस पर महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए हजारों करोड़ रुपए के अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क को संचालित करने का आरोप लगा चुकी हैं। इस मामले में कई राज्यों में जांच चल रही है और कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा चुकी है।
हालांकि, भारतीय एजेंसियों की ओर से गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण प्रक्रिया को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में ओमान में गिरफ्तारी की जानकारी फिलहाल मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर सामने आई है।

