रायपुर रेलवे स्टेशन पर RPF का बड़ा एक्शन, 3,805 लोगों पर कार्रवाई; 20 लाख से ज्यादा जुर्माना वसूला

रायपुर। रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। रायपुर और भाटापारा रेलवे स्टेशनों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 3,805 लोगों पर जुर्माना लगाया गया और 20 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।
नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई
आरपीएफ के अनुसार, वर्ष 2025-26 में रेलवे अधिनियम की धारा 159 के तहत नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 2,025 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा धारा 144 के तहत स्टेशन और ट्रेनों में बिना अनुमति सामान बेचने वाले 1,780 अवैध वेंडरों पर भी कार्रवाई की गई।
3,805 मामलों में कार्रवाई, 20 लाख से ज्यादा जुर्माना
नो पार्किंग और अवैध वेंडिंग के मामलों को मिलाकर कुल 3,805 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 20 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य स्टेशन परिसर को अतिक्रमण, अवैध गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था से मुक्त रखना है।
भाटापारा स्टेशन पर भी टिकट जांच अभियान
भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। सभी प्लेटफॉर्म और 14 ट्रेनों में हुई जांच के दौरान 287 मामले दर्ज किए गए और 2 लाख 45 हजार 835 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 191 यात्री, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 72 यात्री और अधिक लगेज लेकर यात्रा करने वाले 22 यात्री शामिल रहे। इसके अलावा गंदगी और धूम्रपान के एक-एक मामले में भी कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने, अवैध रूप से फेरी लगाने और बिना अनुमति व्यापार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यात्रियों से रेलवे नियमों का पालन करने और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना RPF या रेलवे प्रशासन को देने की अपील की गई है।



