कनाडा के सैन्य अड्डे पर भीषण आग से मचा हड़कंप, कई लोगों की मौत और कई घायल

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित वेनराइट सैन्य अड्डे पर एक घटना के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, मृतकों और घायलों की सटीक संख्या अभी सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस और प्रशासन राहत-बचाव में जुटे
घटना की जांच रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस कर रही है। रक्षा मंत्री के मुताबिक, हालात संवेदनशील हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है। कनाडाई सेना, केंद्र सरकार, प्रांतीय प्रशासन और स्थानीय अधिकारी मिलकर स्थिति को संभालने में जुटे हैं। आसपास के वेनराइट क्षेत्र के अस्पतालों और दमकलकर्मियों को भी सहायता के लिए लगाया गया है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, आग सैन्य अड्डे की चारदीवारी पार कर बाहर तक फैल गई। तेज हवाओं के कारण आग ने तेजी से आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए कई इलाकों से दमकलकर्मियों को बुलाया गया। हालांकि, प्रशासन ने आसपास के लोगों को घर खाली करने का आदेश नहीं दिया।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने घटना से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई। अल्बर्टा की मुख्यमंत्री डेनियल स्मिथ ने भी हादसे को गंभीर और दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से कई सैन्यकर्मी प्रभावित हुए हैं। दोनों नेताओं ने राहत-बचाव कार्य में जुटे लोगों का आभार जताया और स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही।
विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिव्रे ने भी प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री से बात कर प्रभावित लोगों के प्रति समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने वेनराइट के लोगों से आपातकालीन निर्देशों का पालन करने और राहतकर्मियों के लिए सड़कों को खाली रखने की अपील की।
सैन्य प्रशिक्षण के लिए अहम है वेनराइट अड्डा
वेनराइट सैन्य अड्डा कनाडा के एडमंटन शहर से करीब 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। यह देश के प्रमुख सैन्य प्रशिक्षण केंद्रों में शामिल है। यहां सैनिकों को युद्ध जैसी परिस्थितियों में अभ्यास कराया जाता है। इस अड्डे पर कैनेडियन मैन्युवर ट्रेनिंग सेंटर और थर्ड कैनेडियन डिवीजन ट्रेनिंग सेंटर भी हैं।
फिलहाल अधिकारी आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटे हैं। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जांच आगे बढ़ने के साथ घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी साझा की जाएगी।



