Follow Us on Our Social Media
Entertainment

‘राइज एंड फॉल 2’ में नजर आ सकते हैं गोविंदा, कंटेस्टेंट बनने के लिए मिला ऑफर; बातचीत अंतिम दौर में

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और 90 के दशक के सुपरस्टार गोविंदा को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा जल्द ही रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि शो के मेकर्स ने उन्हें अप्रोच किया है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है।

गोविंदा 120 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं और ‘हीरो नंबर 1’ के नाम से मशहूर हैं। फैंस लंबे समय से बड़े पर्दे पर उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। गोविंदा भी ‘रूपा’ और ‘दुनियादारी’ जैसी फिल्मों के जरिए कमबैक की तैयारी में बताए जा रहे हैं। इसी बीच रियलिटी शो में उनकी संभावित एंट्री की खबर ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।

अंतिम दौर में बातचीत

‘राइज एंड फॉल’ का पहला सीजन साल 2025 में आया था और यह MX Player पर स्ट्रीम हुआ था। शो को भारतपे के को-फाउंडर अशनीर ग्रोवर ने होस्ट किया था। अब मेकर्स इसके दूसरे सीजन की तैयारी में जुटे हैं।

‘वैरायटी इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, गोविंदा को शो में शामिल होने का ऑफर दिया गया है और मेकर्स के साथ उनकी बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अभिनेता शो का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं।

हालांकि, अभी तक गोविंदा की एंट्री को लेकर मेकर्स या अभिनेता की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

पहले रियलिटी शो होस्ट कर चुके हैं गोविंदा

अगर बातचीत सफल होती है और गोविंदा ‘राइज एंड फॉल 2’ में शामिल होते हैं, तो यह रियलिटी शो में बतौर कंटेस्टेंट उनकी पहली बड़ी पारी होगी।

हालांकि, गोविंदा इससे पहले रियलिटी टीवी से जुड़े रहे हैं। वह सोनी टीवी के गेम शो ‘जीतो छप्पर फाड़ के’ को होस्ट कर चुके हैं। ऐसे में कैमरे के सामने रियलिटी शो का अनुभव उनके लिए नया नहीं है, लेकिन कंटेस्टेंट के तौर पर किसी शो में हिस्सा लेना उनके लिए अलग अनुभव होगा।

7 साल से बड़े पर्दे से दूर हैं गोविंदा

गोविंदा पिछले करीब 7 साल से सिल्वर स्क्रीन से दूर हैं। वह आखिरी बार साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘रंगीला राजा’ में नजर आए थे। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 19 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म की कमाई बेहद कम रही थी। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 40 लाख रुपये बताया गया था।

अब फैंस को गोविंदा के फिल्मों में कमबैक का इंतजार है। ऐसे में अगर वह ‘राइज एंड फॉल 2’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आते हैं, तो यह उनके प्रशंसकों के लिए एक दिलचस्प वापसी साबित हो सकती है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button