‘मन की बात’ सुनने के बाद बोले सीएम साय- यह कार्यक्रम जनता और नेतृत्व के बीच मजबूत संवाद का माध्यम

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सुनी।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ आज जनता और नेतृत्व के बीच संवाद का एक मजबूत माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर एपिसोड में देशभर के नवाचार, जनभागीदारी और प्रेरणादायक कार्यों को सामने लाते हैं, जिससे लोगों को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें गर्व है कि छत्तीसगढ़ के कई नवाचार और उपलब्धियां भी ‘मन की बात’ में जगह पा चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री ने गणेशोत्सव पर मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा स्थापित करने, वर्षा जल संरक्षण, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के महत्व पर विशेष जोर दिया।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के लिविंग रूट ब्रिज, असम की ‘हरगिला आर्मी’, नागालैंड की बेबी लीग और वुमन फुटसाल लीग जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा, पर्यावरण संरक्षण, खेल संस्कृति और स्वच्छता से जुड़े प्रयासों की भी सराहना की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रेरणादायक उदाहरण समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और लोगों को देश के विकास में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।

