Follow Us on Our Social Media
National

देशभर में मौसम का बदला मिजाज: बिहार में बाढ़ से 5 हजार घर घिरे, यूपी में गलियों में चली नाव

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम (MAUSAM) का मिजाज अलग-अलग दिखाई दे रहा है। बिहार में लगातार बढ़ते नदी के जलस्तर से बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई शुरू हो गई है।

इसके बावजूद कुछ इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से गांव और बस्तियां जलमग्न हैं। आंध्र प्रदेश में बारिश के बाद घना कोहरा छाने से सुबह के समय विजिबिलिटी कम रही। राजस्थान और हरियाणा में भी बारिश के बाद सुबह हल्की धुंध देखने को मिली।

बिहार में 17 जिलों में बाढ़ का अलर्ट

नेपाल में हुई भारी बारिश के बाद उत्तर बिहार की नदियों में पानी बढ़ा है। गंडक नदी के बढ़े जलस्तर से पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मोतिहारी में करीब 5 हजार घर पानी से घिर गए हैं। बाढ़ के चलते 25 से ज्यादा स्कूलों को बंद किया गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के 17 जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर बिहार में करीब 1.59 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। वाल्मीकिनगर बराज से 28 सितंबर को गंडक नदी में 5.43 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। करीब 13 घंटे तक डिस्चार्ज 5 लाख क्यूसेक से अधिक रहा।

यूपी में मानसून की विदाई, फिर भी कई इलाके जलमग्न

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों से मानसून (MAUSAM) की विदाई शुरू हो गई है। मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ समेत कुछ क्षेत्रों से मानसून लौट चुका है। इसके साथ प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम हुई हैं। हालांकि नदियों के बढ़े जलस्तर से कई इलाकों में परेशानी बनी हुई है।

उन्नाव में गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण गांवों और मोहल्लों में पानी घुस गया है। कई जगह गलियों में नाव चलाकर लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है। बिजनौर में भी जलभराव के कारण हाईवे प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश में इसी सप्ताह मानसून लौटेगा

मध्य प्रदेश से भी मानसून की विदाई इसी सप्ताह शुरू होने की संभावना है। सबसे पहले उज्जैन और ग्वालियर संभाग के जिलों से मानसून लौट सकता है। इसके बाद इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग से वापसी होगी। हालांकि विदाई से पहले कुछ इलाकों में अगले तीन दिन बूंदाबांदी हो सकती है। बुधवार को 19 जिलों में बारिश का अलर्ट बताया गया है।

उत्तराखंड-हिमाचल में हल्की बारिश के आसार

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में आज मौसम बदल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। शिमला समेत अधिकांश हिस्सों में सुबह धूप रही। मौसम विभाग के मुताबिक, परिस्थितियां अनुकूल रहने पर अगले दो से तीन दिनों में राज्य से मानसून की विदाई हो सकती है।

आंध्र में बारिश के बाद घना कोहरा

आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के पडेरू में बारिश (MAUSAM) के बाद मौसम का अलग असर देखने को मिला। यहां कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। तापमान में गिरावट के कारण ठंडक बढ़ी। कम विजिबिलिटी के चलते वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

राजस्थान-हरियाणा में भी बदला मौसम

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कई इलाकों में बादल और हल्की बारिश हुई। बीकानेर क्षेत्र में दोपहर बाद तेज हवा के साथ कुछ स्थानों पर बौछारें भी पड़ीं। बारिश के बाद रात में ठंडक बढ़ी है, जबकि दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई।

हरियाणा में भी मानसून की विदाई के बीच मौसम में बदलाव जारी है। सोनीपत समेत कुछ इलाकों में सुबह हल्की धुंध देखने को मिली। वहीं, छत्तीसगढ़ के रायपुर में खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कई इलाकों में लोगों को पानी के बीच से सुरक्षित स्थानों की ओर जाते देखा गया।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button