छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, अब तक 731.3 मिमी बारिश; सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे आगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के 18 अगस्त 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक औसतन 731.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह पिछले 10 वर्षों के औसत 739.2 मिमी का 98.9 प्रतिशत है। मंगलवार को प्रदेश में औसतन 21.8 मिमी बारिश हुई।
हालांकि, प्रदेश में बारिश का वितरण एक जैसा नहीं है। कई जिलों में सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है, जबकि बस्तर संभाग सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में बारिश सामान्य से कम रही है।
यह भी पढ़ें- 11 साल बाद टीवी से बड़े पर्दे पर आएगी ‘नागिन’,
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अब तक 994.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य बारिश का 177.8 प्रतिशत है। इसके साथ ही यह प्रदेश में सबसे अधिक बारिश वाला जिला है।
जांजगीर-चांपा में 908.5 मिमी, महासमुंद में 927.1 मिमी, नारायणपुर में 1062.8 मिमी, बलरामपुर में 849.4 मिमी और गरियाबंद में 870.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इन जिलों में बारिश सामान्य से अधिक रही है।
रायपुर संभाग में मानसून मेहरबान
राजधानी रायपुर में अब तक 789.1 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य का 129.1 प्रतिशत है। मंगलवार को भी रायपुर में 49.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बलौदाबाजार में 829.2 मिमी, गरियाबंद में 870.3 मिमी, महासमुंद में 927.1 मिमी और धमतरी में 755.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है। महासमुंद में सामान्य से 37.6 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
सरगुजा और बस्तर में बारिश कम
उत्तर छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले में अब तक सिर्फ 425.7 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य का 75.4 प्रतिशत है। जशपुर में 85.7 प्रतिशत और कोरिया में 94.7 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में भी कई जिलों में बारिश सामान्य से पीछे है। बस्तर में अब तक 642 मिमी यानी सामान्य का 68.5 प्रतिशत, कांकेर में 627.2 मिमी यानी 65.4 प्रतिशत और सुकमा में 687.4 मिमी यानी 66.6 प्रतिशत बारिश हुई है।
बीजापुर में 912.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है, लेकिन यह सामान्य का सिर्फ 67.5 प्रतिशत है। वहीं नारायणपुर में 1062.8 मिमी बारिश के साथ सामान्य से अधिक वर्षा हुई है।
दुर्ग और मैदानी जिलों में भी अंतर
दुर्ग में अब तक 589.1 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य का 105.9 प्रतिशत है। बालोद में 792.2 मिमी यानी 116 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है।
वहीं कबीरधाम में 462.2 मिमी यानी 82 प्रतिशत और बेमेतरा में 440.6 मिमी यानी 81.3 प्रतिशत बारिश हुई है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में भी बारिश सामान्य से काफी कम रही है।

कुल बारिश सामान्य के करीब
18 अगस्त तक प्रदेश में कुल औसत बारिश पिछले 10 वर्षों के औसत के करीब पहुंच गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़, नारायणपुर, महासमुंद, बलरामपुर, रायपुर, गरियाबंद और जांजगीर-चांपा जैसे जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है।
दूसरी ओर सरगुजा, बस्तर, कांकेर, सुकमा, बीजापुर, कबीरधाम और बेमेतरा जैसे जिलों में बारिश सामान्य से कम है। आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता के साथ प्रदेश के जिलों में बारिश के आंकड़ों में और बदलाव होने की संभावना है।



