देशभर में मानसून पूरी तरह एक्टिव: MP-CG, दिल्ली-एनसीआर समेत 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली। देशभर में मानसून ( Monsoon ) पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अब मानसून ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कवर कर लिया है।
अगले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली-एनसीआर समेत 13 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और गरज-चमक के साथ बारिश होने का भी अनुमान है।
राजधानी में हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादलों ( Monsoon ) की आवाजाही बनी रहेगी। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश दर्ज की जा सकती है।
इस दौरान बिजली गिरने की भी आशंका है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। दोनों राज्यों में 15 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भी कई जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना है।
वज्रपात होने का अलर्ट
हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश ( Monsoon ) का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने कई इलाकों में आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मध्य भारत में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। हालांकि छत्तीसगढ़ में फिलहाल अत्यधिक बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन 13 जुलाई तक गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान
महाराष्ट्र, केरल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम तथा पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों में नहीं रुकने की सलाह दी है।

