छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह एक्टिव: रायपुर समेत 33 जिलों में 7 दिन बारिश का अलर्ट, वज्रपात की भी चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoon) पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रायपुर समेत प्रदेश के सभी 33 जिलों में अगले सात दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम और कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कुछ इलाकों में वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
बुधवार को रायपुर समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए (Monsoon) रहे और हल्की से मध्यम बारिश हुई। सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। रायपुर का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी में सुबह 75 प्रतिशत और शाम को 68 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुसमी में सबसे अधिक 90 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कोटाडोल और पखांजूर में 70-70 मिमी, चंद्रपुर, मर्दापाल, साकोला और गिधौरी टुंडरा में 50-50 मिमी बारिश हुई।
वहीं सेवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा में 40 मिमी वर्षा रिकॉर्ड (Monsoon) की गई। बिलासपुर में 16.2 मिमी, अंबिकापुर में 13.7 मिमी और जगदलपुर में 14.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। लगातार बारिश से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के उफान की स्थिति बन सकती है।

