नगर निगम आयुक्त ने किया जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण
नालों की सफाई और निकासी व्यवस्था का लिया जायजा

रायपुर। मानसून की पहली बारिश के दौरान रायपुर नगर निगम(Municipal council) आयुक्त संबित मिश्रा ने शहर के विभिन्न नालों, जल निकासी व्यवस्था और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का अधिकारियों के साथ प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नालों के मुहानों की सफाई सुनिश्चित करने और जलभराव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
अवैध कब्जों की सूची बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश
नगर निगम(Municipal council) आयुक्त ने नालों पर किए गए अवैध कब्जों की सूची तैयार कर उन्हें हटाने की कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बारिश के दौरान सफाई व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जोन-3 के गांधी नगर, काली नगर और गोरखा कॉलोनी, जोन-5 के प्रोफेसर कॉलोनी, कुशालपुर और मठपारा तथा जोन-9 के आदर्श नगर मोवा, छोकरा नाला, जब्बार नाला और दलदल सिवनी क्षेत्र का जायजा लिया गया। नगर निगम(Municipal council) आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।इस दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता और स्वच्छता विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

