National

काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में चली गोली, तीन लोग घायल; ज्ञानवापी ड्यूटी पर तैनात PAC जवान की कार्बाइन से हुआ फायर

वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर (Kashi Vishwanath Temple ) में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से फूल-माला की दुकान पर काम करने वाले तीन कर्मचारी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 7 बजे मंदिर परिसर के पास हुई। 48वीं वाहिनी पीएसी का जवान अमरनाथ चौहान ज्ञानवापी क्षेत्र में सुरक्षा ड्यूटी (Kashi Vishwanath Temple ) पर तैनात था। इसी दौरान उसकी कार्बाइन से अचानक गोली चल गई, जो सड़क किनारे मौजूद तीन लोगों को जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल इलाके को खाली कराकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

घायलों की पहचान रामबाबू गौड़, विकास यादव और निखिल गुप्ता के रूप में हुई है। तीनों मंदिर परिसर के बाहर स्थित एक फूल-माला की दुकान में कर्मचारी हैं। विकास यादव के हाथ और कमर, रामबाबू गौड़ के पेट और हाथ, जबकि निखिल गुप्ता के हाथ में गोली लगी है। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली (Kashi Vishwanath Temple ) जवान की कार्बाइन से दुर्घटनावश चली। पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गए हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।

घटना के बाद कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था बहाल होने के बाद दर्शन-पूजन सामान्य रूप से जारी रहा। अधिकारियों ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button