Follow Us on Our Social Media
Madhya PradeshNational

पुंजापुरा में पीएम मोदी का वर्चुअल संवाद, बोले- एमपी में बढ़ रही एंटरप्रेन्योरशिप

देवास में सेवा संकल्प बाइक यात्रा के दौरान युवाओं और हितग्राहियों से बातचीत; सीएम मोहन यादव भी कार्यक्रम में शामिल, यात्रा 17 सितंबर को वाराणसी से हुई थी रवाना

भोपाल। मध्य प्रदेश के देवास जिले के पुंजापुरा में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने वर्चुअल माध्यम से बाइक यात्रा में शामिल युवाओं और स्थानीय लोगों से संवाद किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। यह यात्रा प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही है। यात्रा 17 सितंबर को वाराणसी से रवाना हुई थी और इसमें 250 बाइक के साथ करीब 500 सेवा यात्री शामिल हैं।

पुंजापुरा पहुंची यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं से सेवा कार्यों के अनुभव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि यात्रा के दौरान उन्हें क्या सीखने को मिला और किस तरह के लोगों से संपर्क हुआ। प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपने सेवा कार्यों की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करने की बात कही। उन्होंने वॉट्सऐप ग्रुप बनाने के साथ इंस्टाग्राम और फेसबुक पर गतिविधियों को साझा करने का सुझाव दिया।

कपड़ा कारोबारी दीपेश गोटी से भी की बातचीत

प्रधानमंत्री (PM Modi)  ने शाजापुर जिले से आए दीपेश गोटी से भी संवाद किया। बातचीत के दौरान गोटी ने अपनी कपड़े की दुकान और यात्रा के दौरान दूसरे व्यापारियों से बने संपर्कों के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या वडनगर में भी किसी से पहचान बनी है। गोटी के जवाब पर प्रधानमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उन्होंने सेवा के साथ व्यापार के लिए संपर्क भी बना लिए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के युवा व्यापार और कारोबार में रुचि ले रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश में एंटरप्रेन्योरशिप के बढ़ने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान से जुड़ी गतिविधियों और युवाओं की भागीदारी पर भी चर्चा हुई।

वाराणसी से वडनगर तक बाइक यात्रा

सेवा संकल्प बाइक यात्रा का उद्देश्य सेवा, जनसंवाद और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाना है। यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े 25 वर्षों की जानकारी प्रदर्शित करने वाले वाहन भी शामिल हैं। विभिन्न राज्यों और जिलों से गुजरते हुए यात्रा वडनगर पहुंचेगी।

यात्रा 22 सितंबर को डबलचौकी के रास्ते देवास जिले में पहुंची थी। इसके बाद पुंजापुरा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां प्रधानमंत्री ने वर्चुअली बाइक राइडर्स से बातचीत की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख हितग्राहियों को 212.57 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की।

वडनगर और वाराणसी का भी किया जिक्र

संवाद के दौरान प्रधानमंत्री (PM Modi)  ने वडनगर और वाराणसी का उल्लेख करते हुए दोनों शहरों के ऐतिहासिक महत्व की बात कही। उन्होंने वडनगर को अपनी जन्मभूमि और वाराणसी को कर्मभूमि बताया। सेवा संकल्प बाइक यात्रा इन दोनों शहरों को जोड़ते हुए निकाली जा रही है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत मध्य प्रदेश में भी विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से हुई है और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन 17 अक्टूबर तक किया जाना है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button