छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिन बारिश का दौर, कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में अगले सात दिनों तक कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
बारिश के बीच बिलासपुर के मल्हार में लीलगार नदी पार करते समय दो युवक बाइक समेत तेज बहाव में फंस गए। मनाडेरा के मोहन लाल केवट, महेश केवट और आदित्य केवट ने लकड़ी की मदद से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर मदद मिलने से दोनों की जान बच गई। इस साहसिक कार्य के लिए एसएसपी ने तीनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
वहीं, मनेंद्रगढ़ में जनकपुर के पास गोहड़ारी नदी पर बनी करीब 50 साल पुरानी पुलिया तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया के कई खंभे टूट गए हैं और करीब 70 प्रतिशत हिस्सा खराब हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए यहां भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में 22 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक 31.1 डिग्री तापमान जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश में सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश
छत्तीसगढ़ में 1 जून से 20 अगस्त तक औसतन 771.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 818.7 मिलीमीटर है। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है और कुल स्थिति सामान्य श्रेणी में बनी हुई है।
हालांकि जिलेवार बारिश के आंकड़ों में काफी अंतर है। कुछ जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है, जबकि कई जिले अब भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1 जून से 20 अगस्त तक 1014.6 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 55 प्रतिशत अधिक है। बलरामपुर में 45 प्रतिशत, मुंगेली में 35 प्रतिशत, महासमुंद में 26 प्रतिशत, बलौदाबाजार में 25 प्रतिशत, जांजगीर में 21 प्रतिशत और नारायणपुर में 21 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।
सरगुजा में सबसे ज्यादा बारिश की कमी
सरगुजा में सामान्य 851.6 मिलीमीटर के मुकाबले अब तक 499.7 मिलीमीटर बारिश हुई है। यहां बारिश सामान्य से 41 प्रतिशत कम है। बेमेतरा और कांकेर में 39 प्रतिशत, जशपुर में 33 प्रतिशत, बस्तर में 25 प्रतिशत और कोंडागांव में 22 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है।
रायपुर में सामान्य से 12 प्रतिशत ज्यादा बारिश
रायपुर में इस मानसून सीजन अब तक 805.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 722.2 मिलीमीटर है। इस तरह राजधानी में सामान्य से 12 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। दूसरी ओर दुर्ग में 606.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 14 प्रतिशत कम है। इसके बावजूद दुर्ग सामान्य बारिश वाली श्रेणी में बना हुआ है।
आने वाले दिनों में बारिश से सुधर सकती है स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। अगले सात दिनों में होने वाली बारिश से जिन जिलों में अभी बारिश की कमी है, वहां स्थिति में सुधार की उम्मीद है।



