बारिश में बदला चित्रकोट जलप्रपात का रूप, इंद्रावती के बढ़े जलस्तर से दिखा रौद्र और खूबसूरत नजारा

जगदलपुर। बस्तर का प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात इन दिनों बारिश के चलते अपने बेहद खूबसूरत और रौद्र रूप में नजर आ रहा है। इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जलप्रपात की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। चारों ओर हरियाली, आसमान में छाए बादल और तेज बहाव के बीच चित्रकोट का नजारा पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहा है।
बढ़े जलस्तर से बदला जलप्रपात का स्वरूप
आमतौर पर चित्रकोट जलप्रपात अपनी ऊंचाई और चौड़ाई के लिए जाना जाता है, लेकिन इस समय इंद्रावती में पानी बढ़ने से यहां का स्वरूप अलग दिखाई दे रहा है। पानी कई धाराओं में तेज वेग के साथ नीचे गिर रहा है। जलप्रवाह की चौड़ाई काफी बढ़ गई है, जिससे पूरा इलाका बेहद भव्य नजर आ रहा है।
ओडिशा से लगातार आ रहा पानी
इंद्रावती नदी का उद्गम ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से होता है। ऊपरी इलाकों और कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश का असर बस्तर में भी दिखाई दे रहा है। बारिश के कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है।
वहीं ओडिशा में जलाशयों और इंद्रावती परियोजना के गेट खोले जाने की भी चर्चा है। हालांकि, वर्तमान में किन गेटों को खोला गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चित्रकोट देखने पहुंच रहे पर्यटक
जलप्रपात के बदले हुए रूप को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक चित्रकोट पहुंच रहे हैं। लोग तेज बहाव और कई धाराओं में गिरते पानी को कैमरे में कैद कर रहे हैं।
बरसात के मौसम में इंद्रावती का बढ़ा जलस्तर जहां नदी किनारे रहने वाले लोगों के लिए सतर्कता का संकेत है, वहीं चित्रकोट जलप्रपात की खूबसूरती में इससे और निखार आ गया है।

ड्रोन कैमरे से दिखाई दे रहा चित्रकोट का यह नजारा बस्तर की प्राकृतिक खूबसूरती को एक अलग ही रूप में सामने ला रहा है। चारों तरफ फैली हरियाली और बीच में तेज वेग से गिरता पानी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।



