राज्योत्सव 2026 में दिखेगा वायुसेना का रोमांच, 2 नवंबर को नवा रायपुर में ‘सारंग’ की एयरोबेटिक प्रस्तुति; ‘आकाशगंगा’ करेगी पैराशूट जंप

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर इस बार छत्तीसगढ़ राज्योत्सव को खास बनाने की तैयारी है। 2 नवंबर 2026 को नवा रायपुर के आसमान में भारतीय वायुसेना का रोमांचकारी एयर शो आयोजित किया जाएगा। इसमें वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम छह हेलीकॉप्टरों के साथ एयरोबेटिक प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा वायुसेना के तीन अन्य हेलीकॉप्टर भी अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना की ‘आकाशगंगा’ पैराशूट डिस्प्ले टीम भी शामिल होगी। प्रशिक्षित पैराट्रूपर्स आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए विभिन्न करतब दिखाएंगे। कार्यक्रम में वायुसेना के 100 से अधिक अधिकारी और जवान शामिल होंगे।
तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने की बैठक
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भारतीय वायुसेना और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा, वायुसेना के अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कार्यक्रम स्थल की तैयारियों के साथ सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग और साउंड सिस्टम समेत अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

छह हेलीकॉप्टर एक साथ दिखाएंगे एयरोबेटिक करतब
वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार, ‘सारंग’ छह हेलीकॉप्टरों के साथ एयरोबेटिक प्रदर्शन करने वाली हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम है। टीम के हेलीकॉप्टर आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर सटीक तालमेल के साथ कलाबाजियां दिखाएंगे।
‘सारंग’ टीम स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ के जरिए प्रदर्शन करती है। ‘सारंग’ का अर्थ मोर है और टीम के हेलीकॉप्टरों की रंग-सज्जा भी मोर की थीम पर आधारित है। टीम देश के अलावा अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भी भारतीय वायुसेना की दक्षता, अनुशासन और समन्वय का प्रदर्शन करती रही है।
‘आकाशगंगा’ टीम करेगी पैराशूट जंप
‘आकाशगंगा’ पैराशूट डिस्प्ले टीम के प्रशिक्षित पैराट्रूपर्स भी कार्यक्रम में अपना कौशल दिखाएंगे। वे आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए प्रदर्शन करेंगे। ‘सारंग’ की एयरोबेटिक्स और ‘आकाशगंगा’ का पैराशूट शो राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा।
कलेक्टर बोले- उत्सव की तरह स्वागत करेंगे रायपुरवासी
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्योत्सव में भारतीय वायुसेना का यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़वासियों के लिए विशेष आकर्षण होगा। रायपुर के लिए इसकी मेजबानी गौरव का अवसर है।
बड़ी संख्या में नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने ट्रैफिक और पार्किंग की पुख्ता कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों का व्यवस्थित निर्धारण और कार्यक्रम स्थल तक लोगों के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
लोक निर्माण विभाग को वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल पर बेहतर साउंड सिस्टम की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।



