गरियाबंद में छात्र आंदोलन के समर्थन में विशाल रैली, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

गरियाबंद। दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर में छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों ने विशाल रैली निकालकर प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग रैली में शामिल हुए और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सोनम वांगचुक के समर्थन में नारे लगाए और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की भी मांग की गई।
रैली के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम मैनपुर के एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा गया कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच जरूरी है।
बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

