रायपुर में नए स्वरूप में शुरू हुए RRR सेंटर
RRR सेंटर में शुरू हुई बर्तन और झोला बैंक सुविधा

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 2 और जोन 7 कार्यालय परिसरों में स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नए स्वरूप में आरआरआर (रिड्यूस, रियूज, रिसायकल) सेंटरों(RRR Centre) का शुभारंभ किया गया। महापौर मीनल चौबे ने निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, एमआईसी सदस्यों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इन सेंटरों का लोकार्पण किया।
RRR सेंटर के जरिए जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाएंगी उपयोगी वस्तुएं
नगर निगम द्वारा दोनों आरआरआर सेंटरों के लिए ई-बैटरी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जो संबंधित वार्डों से घर-घर जाकर अनुपयोगी वस्तुओं का संग्रह करेंगे। एकत्रित उपयोगी सामग्री जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जाएगी, जबकि अनुपयोगी सामग्री का पुनर्चक्रण किया जाएगा।
महापौर ने नागरिकों से RRR सेंटर से जुड़ने की अपील
महापौर मीनल चौबे ने बताया कि आरआरआर सेंटर(RRR Centre) ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की महत्वपूर्ण अवधारणा है, जिससे कचरे में कमी, पर्यावरण संरक्षण और सर्कुलर इकॉनमी को बढ़ावा मिलता है। सेंटरों में बर्तन बैंक, झोला बैंक और महिलाओं के लिए सिलाई मशीन की व्यवस्था भी की गई है, जिससे स्व-सहायता समूहों को रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे।महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों में उपयोग में नहीं आने वाली वस्तुओं को आरआरआर सेंटर(RRR Centre) में जमा कर पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की मदद में सहभागी बनें।

